जालंधर: जालंधर के बस स्टैंड स्थित एक पंजाबी ढाबे पर शनिवार दोपहर उस वक्त हंगामा मच गया, जब खाना खाने पहुंचीं तीन लड़कियों को मामूली खाने का भारी-भरकम बिल थमा दिया गया। लड़कियों ने वेटर से पूछकर 30 रुपये वाला नान ऑर्डर किया था, लेकिन जब उन्होंने 6 नान और पानी की बोतल का बिल मांगा, तो उनसे 960 रुपये की मांग की गई। यह सुनकर लड़कियों के होश उड़ गए और ढाबे पर जमकर बहसबाजी शुरू हो गई। लड़कियों का तर्क था कि उनके हिसाब से बिल महज 200 रुपये के आसपास बनता है, लेकिन ढाबा कर्मचारी ने दलील दी कि नान के साथ दिए गए ‘चने’ (छोले) का अलग से पैसा लगाया गया है। इस पर लड़कियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चने तो नान के साथ आम तौर पर साथ में ही दिए जाते हैं, इसके अलग पैसे मांगना गलत है।
हंगामा बढ़ता देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। विवाद बढ़ता देख ढाबे के कर्मचारी सूरज ने बचाव करते हुए 960 रुपये के बिल को घटाकर 600 रुपये कर दिया, लेकिन लड़कियां अपनी बात पर अड़ी रहीं। सूचना मिलते ही ढाबा मालिक खुराना भी मौके पर पहुंचे, जो उस वक्त बच्चों को स्कूल से लेने गए हुए थे। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि ग्राहकों ने पहले बटर नान मांगा था, लेकिन बाद में आलू नान का ऑर्डर दिया, तब तक प्लेट लग चुकी थी, जिससे बिल जोड़ने में तकनीकी गलती हो गई। ढाबा मालिक ने यह भी माना कि ऑर्डर लेने को लेकर कर्मचारियों को गलतफहमी हो गई थी। काफी देर तक चले हंगामे और बहस के बाद आखिरकार 300 रुपये बिल पर सहमति बनी और मामला शांत हुआ।
ढाबा मालिक खुराना ने मामले को संभालते हुए लड़कियों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि छात्राएं दूसरे जिले की थीं और ढाबे के कर्मचारी बाहरी राज्य के हैं, जिसके चलते बोली और लहजे को लेकर संवाद में कमी रह गई और इसे दुर्व्यवहार समझ लिया गया। मालिक ने स्पष्ट किया कि किसी के साथ कोई बदसलूकी नहीं की गई है। वहीं, लड़कियों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि 6 नान और पानी के लिए 960 रुपये मांगना सरासर गलत है, लेकिन मालिक द्वारा गलती स्वीकारने और माफी मांगने के बाद विवाद खत्म हो गया।

Jalandhar Dhaba Scam: ₹960 Bill for Six Naans Sparks Ruckus




