You are currently viewing जालंधर: नशा बेचकर खड़ा किया था अवैध निर्माण, प्रशासन ने कर दिया ढेर, तस्कर के घर बड़ी कार्रवाई; पुलिस ने तोड़ी अपराधियों की कमर

जालंधर: नशा बेचकर खड़ा किया था अवैध निर्माण, प्रशासन ने कर दिया ढेर, तस्कर के घर बड़ी कार्रवाई; पुलिस ने तोड़ी अपराधियों की कमर

 

जालंधर: जालंधर में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई अब और भी सख्त कर दी है। इसी कड़ी में आज जालंधर वेस्ट हलके के बस्ती शेख स्थित मोचियां मोहल्ले में नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने नशा तस्करी के मामलों में जमानत पर बाहर आए आरोपी विशाल लोटा के घर पर दबिश दी और वहां किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया। इस कार्रवाई से इलाके में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

नोटिस का नहीं दिया जवाब, घर में छिपा रहा आरोपी नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी विशाल ने अपने घर पर अवैध कब्जा और निर्माण कर रखा था। इसे लेकर निगम की ओर से उसे पहले नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उसने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद निगम ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल को साथ लेकर आज निगम की टीम मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के डर से आरोपी विशाल घर के अंदर ही छिपा रहा और काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला, लेकिन टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी और अवैध ढांचे को गिरा दिया।

जमानत पर आकर फिर शुरू कर दिया था धंधा पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल लोटा एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 2 मामले खत्म हो चुके हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद भी वह सुधरा नहीं था और लगातार नशे के कारोबार में सक्रिय था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वह कपूरथला और हमीरा इलाके के बड़े तस्करों से नशा लाकर यहां बेचता था। पुलिस अब उन सप्लायर्स पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।

आरोपी का कबूलनामा: पहले करता था नशा, फिर बन गया तस्कर कार्रवाई के दौरान विशाल लोटा ने मीडिया और पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह पहले खुद नशे का आदि था। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने बाद में इसे बेचना शुरू कर दिया। हालांकि, उसने अपने बचाव में कहा कि यह घर उसके परिवार और मां ने मेहनत से बनाया है। वहीं, पुलिस प्रशासन ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्तियों और काली कमाई पर यह प्रहार आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर से नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

Illegal construction was done after selling drugs, administration demolished it