लुधियाना: पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बेहद गंभीर और शर्मनाक सवाल खड़े हो गए हैं। पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल के सामने पेश हुई एक पीड़ित महिला ने पुलिस के टॉर्चर की जो दास्तां बयां की है, उसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। महिला के इन खौफनाक आरोपों को सुनकर खुद चेयरपर्सन भी सन्न रह गईं और उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई है।
हार्ट पेशेंट महिला के सिर पर मारी जूतियां, पैरों के बल बैठाया
पीड़ित महिला ने आयोग की चेयरपर्सन को रोते हुए बताया कि थाने के अंदर पुलिसकर्मियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। महिला का आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने बेरहमी से उसके सिर पर जूतियों से वार किया। पीड़िता ने खुद को दिल की मरीज (हार्ट पेशेंट) बताते हुए रहम की भीख भी मांगी, लेकिन खाकी वर्दी वालों का दिल बिल्कुल नहीं पसीजा। उसे जबरन पैरों के बल बैठाए रखा गया, जिसके कारण उसे ब्लीडिंग तक शुरू हो गई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस वालों को उस पर जरा भी तरस नहीं आया।
‘रात की ड्यूटी वाला नशे में आएगा, तब तेरा क्या होगा…’
शारीरिक यातनाओं के साथ-साथ महिला को थाने में मानसिक रूप से भी बुरी तरह प्रताड़ित किया गया। पीड़िता के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने उसे धमकाते हुए कहा कि अभी तो उसके साथ कुछ भी नहीं हुआ है, जब रात की ड्यूटी वाला अफसर नशे की हालत में थाने आएगा, तब उसके साथ क्या सुलूक होगा, यह वह खुद ही समझ ले। इस खौफनाक धमकी के बारे में सुनकर चेयरपर्सन राज लाली गिल का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी को फटकारते हुए सीधे तौर पर पूछा कि अगर यही सब उसके खुद के साथ किया जाए तो उसे कैसा लगेगा?
चेयरपर्सन की दोटूक चेतावनी- सच हुआ तो उतरवा दूंगी वर्दी
मामले की गंभीरता और पुलिस की इस कथित दरिंदगी को देखते हुए चेयरपर्सन राज लाली गिल ने तुरंत सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी के साथ आए आला अधिकारी को स्पष्ट कह दिया है कि घटना वाले दिन की थाने की पूरी सीसीटीवी फुटेज बिना किसी देरी के उनके सामने पेश की जाए। चेयरपर्सन ने पुलिस विभाग को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जांच में महिला के आरोप सच साबित हुए, तो वह आरोपी पुलिस वालों की वर्दी उतरवा देंगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

“If a drunk policeman comes at night, imagine what will happen to you…” A woman was brutalized at the police station








