
जालंधर: जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देहरादून एक्सप्रेस से सफर कर रही एक गर्भवती महिला की स्टेशन पर डिलीवरी का मामला सामने आया। महिला ने ट्रेन के जालंधर पहुंचने से ठीक पहले एक बच्ची को जन्म दिया।
हैरानी की बात यह है कि यह डिलीवरी किसी डॉक्टर या नर्स ने नहीं, बल्कि महिला के पति ने ही चलती ट्रेन में करवाई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के किशनगंज जा रहा एक परिवार अमृतसर से देहरादून एक्सप्रेस में सवार हुआ था। परिवार के मुखिया मुकेश कुमार, जो हमीरा मंडी में काम करते हैं, अपनी पत्नी, 5 साल के बेटे, माता-पिता और भाई-भाभी के साथ यात्रा कर रहे थे।
मुकेश ने बताया कि ट्रेन जब करतारपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तो उनकी पत्नी (पाटिल दीदी) को अचानक तेज प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गई।

आसपास कोई मेडिकल सहायता न मिलने पर पति मुकेश घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। मुकेश ने बताया कि उसे अपने बुजुर्गों से डिलीवरी के बारे में कुछ जानकारी थी। इसी के आधार पर उसने चलती ट्रेन में ही खुद अपनी पत्नी की डिलीवरी करवाई।
इस बीच, परिवार ने किसी तरह रेलवे स्टाफ को सूचित किया। जैसे ही ट्रेन जालंधर स्टेशन पर रुकी, वहां पहले से मुस्तैद रेलवे पुलिस और महिला कांस्टेबलों ने बोगी में पहुंचकर महिला की मदद की।
स्टेशन पर तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई, जिसकी मदद से महिला और नवजात बच्ची को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला और बच्ची, दोनों की हालत स्थिर है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मुकेश ने बताया कि उनके घर एक बेटी ने जन्म लिया है, जिसका नाम उन्होंने अराध्या कुमारी रखा है। उनका पहले से एक 5 साल का बेटा भी है।
View this post on Instagram


husband himself delivered his wife




