जालंधर: जालंधर जिले के ब्यास गांव के पास शुक्रवार सुबह घनी धुंध के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। विजिबिलिटी कम होने और एक ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने की वजह से पीछे आ रही तीन कारें एक के बाद एक आपस में भिड़ गईं। इस ‘सीरियल एक्सीडेंट’ में जालंधर के मॉडल टाउन और मॉडल हाउस के रहने वाले तीन लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर काला बकरा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जालंधर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंस्पेक्टर रणधीर सिंह ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। उस समय धुंध इतनी घनी थी कि कार चालकों को सड़क पर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही इनोवा, बलेनो और स्विफ्ट कारें अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों की पहचान गौरव, अनिल कामत और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और एसएसएफ की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर ट्रैफिक को दोबारा बहाल करवाया। पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना संबंधित पुलिस चौकी को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Fog wreaks havoc in Jalandhar: Truck suddenly brakes, 3 cars collide from behind; 3 people injured








