
जालंधर: विदेश में बसने का सपना पंजाब के एक और नौजवान की जिंदगी पर भारी पड़ गया। जालंधर के भोगपुर स्थित गांव भटनूरा लुबाना के रहने वाले 29 वर्षीय अरविंदर सिंह की इंग्लैंड जाने की अवैध कोशिश में जान चली गई। अरविंदर पिछले सात साल से फ्रांस में रह रहा था और इंग्लैंड में बसने का सपना देख रहा था। इसी कोशिश में वह 80 अन्य लोगों के साथ नाव के जरिए समुद्र पार कर रहा था, जब यह हादसा हुआ।
ऑर्डर-डॉन संस्था के प्रबंधक राजीव चीमा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नाव ‘ट्यूब’ के आकार की थी। फ्रांस से इंग्लैंड के लिए रवाना होने के बाद यह नाव समुद्र में करीब 15 किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी कि पलट गई। घटना के बाद पहुंचे राहत एवं बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 77 लोगों की जान बचा ली, लेकिन अरविंदर सिंह समेत दो अन्य विदेशी युवक तेज लहरों में समा गए। हादसे के कुछ दिनों बाद अरविंदर का शव पेरिस से करीब 360 किलोमीटर दूर एक समुद्र तट से बरामद किया गया।

पीड़ित परिवार को इस दिल दहलाने वाली घटना की जानकारी 2 अक्टूबर को मिली। अरविंदर के साथ उसी नाव में सवार कपूरथला के चौहाना गांव के एक युवक ने फोन कर बताया कि नाव पलट गई थी और अरविंदर लापता है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अरविंदर के छोटे भाई अश्विंदर सिंह ने रुंधे गले से बताया कि अरविंदर 18 मई को ही वर्क परमिट वीजा पर पुर्तगाल गया था। वहां 5 सितंबर को उसका बायोमेट्रिक प्रोसेस भी पूरा हो गया था और उसे कानूनी रूप से काम करने की इजाजत मिल गई थी। लेकिन, वहां कुछ युवाओं के संपर्क में आने के बाद उसने इंग्लैंड जाने की योजना बना ली।
अश्विंदर ने बताया कि पहले अरविंदर ने ट्रक से जाने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर के मना करने पर उसने नाव से जाने का खतरनाक फैसला ले लिया। परिवार ने उसे कई बार समझाया कि वह ऐसा जोखिम न ले, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। 29 सितंबर को अरविंदर ने आखिरी बार घर फोन किया था, लेकिन इस दौरान उसने नाव से जाने की बात परिवार से छिपाई। इसके दो दिन बाद ही परिवार को उसके डूबने की मनहूस सूचना मिली।
अरविंदर की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है। इस घटना ने एक बार फिर पंजाब के युवाओं द्वारा अवैध तरीकों से विदेश जाने के खतरनाक चलन को उजागर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने अब सरकार से अरविंदर के शव को भारत वापस लाने में मदद की गुहार लगाई है।
View this post on Instagram


England’s dream sinks into the sea




