जालंधर: जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर मशहूर हवेली रेस्टोरेंट के पास रफ्तार और नशे के कॉकटेल ने एक बड़े हादसे को अंजाम दिया। यहां ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के चलते एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और हाईवे पर कलाबाजियां खाते हुए कई बार पलटी और अंत में सर्विस रोड पर जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों की रूह कांप गई और कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार सवारों की जान बाल-बाल बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार सामान्य से बहुत ज्यादा थी और उसमें सवार युवक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत थे। तेज गति होने के कारण चालक गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद राहगीरों और हाईवे पेट्रोलिंग पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घायल युवकों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनकी मेडिकल जांच करवाई जा रही है ताकि यह पुष्टि हो सके कि वे नशे में थे या नहीं। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले में अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

‘Drink and drive’ incident in Jalandhar: A speeding car flipped several times in the air before landing on the service lane.




