जालंधर: पंजाब में घने कोहरे की सफेद चादर ने लगातार दूसरे दिन जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जालंधर में सुबह के समय विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम होने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। इसी धुंध के चलते जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर गांव काला बकरा के पास एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। घने कोहरे के कारण हाईवे पर एक के बाद एक पांच वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि वाहनों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद इस दुर्घटना में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
हादसे की जानकारी के अनुसार, हाईवे पर एक अज्ञात ट्रक आगे चल रहा था, तभी धुंध के कारण पीछे से आ रहे एक टिप्पर ने उसमें टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही अन्य गाड़ियां भी अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से भिड़ती चली गईं। इस सिलसिलेवार टक्कर के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और प्रशासन ने वाहन चालकों को धुंध के दौरान धीमी गति और फॉग लाइट्स के साथ सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।
वहीं दूसरी ओर, सड़क यातायात पर कोहरे के असर के विपरीत हवाई सेवाओं पर स्थिति सामान्य बनी हुई है। आदमपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर पुष्पेंद्र नराला ने जानकारी दी कि धुंध के बावजूद एयरपोर्ट का एयर ट्रैफिक पूरी तरह सुचारू है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं। यहां से संचालित होने वाली दो एयरलाइंस की उड़ानों पर मौसम का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है, जिससे यात्रियों को राहत मिली है।

Dense fog causes chaos in Jalandhar: Five vehicles collide on the highway, resulting in severe damage




