
जालंधर: जालंधर के थाना चार के अंतर्गत आते अली मोहल्ला में आज पुलिस और नगर निगम की टीमों ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान कुख्यात नशा तस्कर अमरजीत द्वारा नशा तस्करी के पैसों से बनाए गए अवैध निर्माण पर निगम का पीला पंजा चला। यह कार्रवाई एडीसीपी सिटी-1 आकर्षि जैन और एसीपी सेंट्रल अमनदीप कुमार के नेतृत्व में की गई।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अमरजीत एक शातिर नशा तस्कर है और उसके खिलाफ नशा तस्करी के 10 संगीन मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने नशा बेचकर कमाई गई ‘काली कमाई’ से इस अवैध इमारत का निर्माण करवाया था।

नगर निगम द्वारा इस अवैध कंस्ट्रक्शन को लेकर आरोपी को कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उनकी तरफ से कोई स्पष्टीकरण या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि नगर निगम ने उन्हें सूचना दी थी कि आरोपी द्वारा अवैध निर्माण किया गया है और इस पर कार्रवाई के लिए उन्हें पुलिस सुरक्षा की आवश्यकता है।
आज निगम की मांग पर भारी पुलिस बल मुहैया करवाया गया। पुलिस ने पहले पूरे इलाके को सील कर घेराबंदी की, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी अमरजीत फिलहाल कपूरथला जेल में बंद है।
View this post on Instagram






