जालंधर: जालंधर के पासपोर्ट आवेदकों के लिए एक राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा आगामी 17 दिसंबर को सभी श्रेणियों के लंबित पासपोर्ट आवेदनों के त्वरित निपटान के लिए एक विशेष ‘पासपोर्ट अदालत’ का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी यश पाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह अदालत बस स्टैंड के पास स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट दफ्तर (S.C.O. नंबर 42-51, पॉकेट-1) में लगाई जाएगी, जहां आवेदकों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पासपोर्ट अदालत का लाभ उन आवेदकों को मिलेगा जिन्होंने 31 अक्टूबर 2025 या उससे पहले अपने आवेदन जमा किए थे, लेकिन किसी न किसी कारणवश उनकी फाइलें अभी तक लंबित पड़ी हैं। विभाग ने ऐसे सभी संबंधित आवेदकों से अपील की है कि वे अपनी पेंडिंग फाइलों का समाधान करवाने के लिए 17 दिसंबर 2025 को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच अपने सभी आवश्यक और मूल दस्तावेजों के साथ पासपोर्ट कार्यालय में उपस्थित हों।
इसके अलावा, पासपोर्ट अधिकारी ने आम जनता को सचेत करते हुए कहा है कि विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट सेवाओं के लिए किसी भी निजी संस्था, एजेंट या बिचौलिए को अधिकृत नहीं किया है। अक्सर लोग दलालों के चक्कर में फंसकर अपना समय और पैसा बर्बाद करते हैं। उन्होंने अपील की है कि आवेदक केवल विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in के माध्यम से ही आवेदन करें और किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की शंका या जानकारी के लिए आवेदक सीधे पासपोर्ट दफ्तर से संपर्क कर सकते हैं।

Attention! A special passport court will be held in Jalandhar on this day, where pending files up to October 31st




