अमृतसर: अमृतसर शहर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शहर के जुझार सिंह एवेन्यू इलाके में सुबह करीब नौ बजे एक व्यक्ति ने पहले अपने दो पालतू कुत्तों को गोली मारी और फिर अपनी ही सगी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस घटना में मां-बेटे समेत दोनों बेजुबान जानवरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मां के नाम पर लाइसेंसी पिस्टल से बरसाईं गोलियां, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
मृतकों की पहचान भूपिंदर कौर और उनके 50 वर्षीय बेटे हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। आरोपी हरप्रीत के भाई की पत्नी मीनू ने बताया कि यह दर्दनाक घटना सुबह नौ बजे के आसपास घटी। उस वक्त वह अपनी दो बेटियों के साथ घर के अंदर कमरे का दरवाजा बंद करके सो रही थीं। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकलीं और पास में रहने वाले एक अंकल को साथ लेकर ऊपर गईं, तो वहां का मंजर देख उनके होश उड़ गए। हरप्रीत सिंह ने अपनी मां भूपिंदर कौर और दो पालतू कुत्तों को गोली मार दी थी। इसके बाद हरप्रीत घर से निकलकर साथ वाली गली के पास स्थित खेतों में गया और वहां खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मीनू ने भावुक होते हुए बताया कि गोली मारते समय उसकी मां लगातार चीख-चीख कर कह रही थीं कि मुझे मत मार, मुझे मत मार, लेकिन बेरहम बेटे ने अपनी मां पर जरा भी तरस नहीं खाया।
सात साल पहले इंग्लैंड से लौटा था आरोपी, नशे की लत के कारण टूट चुका था घर
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय हरप्रीत सिंह करीब सात साल पहले इंग्लैंड से भारत लौटा था और वह नशे का आदी हो चुका था। नशे की लत के कारण उसका व्यवहार बेहद हिंसक हो गया था और वह अपनी पहली पत्नी के साथ भी अक्सर मारपीट करता था। उसकी इसी प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी और बाद में दोनों का तलाक हो गया था। हरप्रीत घर की ऊपरी मंजिल पर अपनी मां के साथ रहता था। मीनू ने बताया कि यूं तो हरप्रीत का उनसे कोई झगड़ा नहीं था, लेकिन वह छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर अपनी मां से विवाद करता रहता था।
24 घंटे पास रखता था लोडेड पिस्टल, पुलिस ने कब्जे में ली फुटेज
परिवार के सदस्यों ने बताया कि आरोपी हरप्रीत सिंह हर वक्त यानी चौबीसों घंटे अपने पास एक पिस्टल रखता था, जिसका लाइसेंस उसकी मृतक मां भूपिंदर कौर के नाम पर ही बना हुआ था। वह इससे पहले भी कई बार पिस्टल को लोड करके घर की छत या गली में बेखौफ टहलता रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि वारदात के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा सके।




Bloody carnage in Punjab: A drug-addicted son, recently returned from England




