नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने छह साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर हाथ मिला लिया है। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस ऐतिहासिक गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी मंच पर मौजूद रहे। दोनों दलों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ेंगे।
पीएम मोदी ने सुखबीर बादल को दी बधाई, शाह बोले- अब पूरा हुआ एनडीए
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल के शीर्ष नेताओं ने गहन विचार-विमर्श के बाद साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है और आज से अकाली दल फिर से एनडीए का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश गुरुपर्व मना रहा है, तब एनडीए के सभी साथियों के लिए यह बेहद खुशी का विषय है कि हमारा सबसे पुराना सहयोगी दल वापस लौट आया है। शाह ने बताया कि एक दिन पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एनडीए के विस्तार को लेकर चर्चा हुई, तो उन्होंने स्वयं सुखबीर बादल को फोन कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब एनडीए परिवार पूरा हो गया है। अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के समय से चले आ रहे पुराने रिश्तों को याद करते हुए शाह ने विश्वास जताया कि यह गठबंधन पंजाब और पूरे देश में हिंदू-सिख भाईचारे की एक नई मिसाल कायम करेगा।
31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य
आगामी चुनावी एजेंडे का खुलासा करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस गठबंधन का मुख्य लक्ष्य पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का पूरी तरह सफाया करना होगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और 2017 के वादों को याद दिलाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि दोनों दलों ने सत्ता में आने के लिए नशा खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं कर पाए। शाह ने एक बड़ी समय-सीमा तय करते हुए ऐलान किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अगले तीन महीनों के भीतर किसानों की समस्याओं, राज्य की आर्थिक चिंताओं और युवाओं के रोजगार को लेकर लंबी चर्चा के बाद एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा।
2020 में टूटा था 24 साल पुराना साथ, 2022 के चुनाव में दोनों दलों को उठाना पड़ा था नुकसान
गौरतलब है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में बेहद सफल रहा है और दोनों पार्टियों ने मिलकर साल 1997, 2007 और 2012 में तीन बार राज्य में सरकार बनाई है। हालांकि, केंद्र के कृषि सुधार कानूनों के विरोध में सितंबर 2020 में दोनों दलों का 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। अलग-अलग चुनाव लड़ने का खामियाजा दोनों पार्टियों को साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ा था, जब पंजाब की कुल 117 सीटों में से अकाली दल महज तीन और भाजपा सिर्फ दो सीटों पर ही सिमट गई थी।




BJP and Akali Dal reunite after 6 years; Amit Shah and Sukhbir Badal announce the alliance




