अमृतसर: राजधानी दिल्ली के तिलक नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के गंभीर मामले में सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। इस दुखद घटना में प्रबंधन स्तर पर बरती गई भारी लापरवाही को देखते हुए अकाल तख्त ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के दो सदस्यों समेत स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के पांच पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं।
रमिंदर सिंह और बीबी रणजीत कौर की धार्मिक गतिविधियों पर रोक, 5 प्रबंधक सेवा से बाहर
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज द्वारा जारी आदेश के तहत दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य रमिंदर सिंह और बीबी रणजीत कौर के किसी भी धार्मिक और पंथक गतिविधियों में शामिल होने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह पाबंदी पांच सिंह साहिबानों की ओर से इस मामले में अंतिम फैसला सुनाए जाने तक लागू रहेगी। इसके साथ ही स्थानीय गुरुद्वारा साहिब की पांच सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के सदस्य प्रेम सिंह, मनमोहन सिंह, सरूप सिंह, हरबीर सिंह और सुखदेव सिंह को प्रबंधन संभालने के लिए पूरी तरह अयोग्य करार दे दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये पांचों व्यक्ति भविष्य में कभी भी गुरुद्वारा साहिब में किसी भी पद पर सेवा नहीं कर सकेंगे।
सचिवालय में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद खुली लापरवाही की पोल
इस संवेदनशील मामले की तह तक जाने के लिए संबंधित सभी पक्षों को श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में तलब कर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था। यहां जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने शिकायतकर्ताओं और प्रबंधकों की दलीलों को गंभीरता से सुना, उनका स्पष्टीकरण लिया और घटना से जुड़े तमाम तथ्यों की गहनता से जांच की। जांच के दौरान संबंधित पदाधिकारियों की गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक गलतियां उजागर होने के बाद यह कड़ा फैसला सुनाया गया।
नई अमृतधारी कमेटी के गठन को लेकर जांच पैनल तैयार, 2 दिसंबर तक सौंपनी होगी रिपोर्ट
पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करने और गुरुद्वारा साहिब की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए एक नई अमृतधारी प्रबंधक कमेटी के गठन हेतु दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। इस पैनल में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की धर्म प्रचार कमेटी के सचिव भगवंत सिंह धंगेरा और धार्मिक जांच के इंचार्ज भोला सिंह को शामिल किया गया है। अकाल तख्त ने इस कमेटी को 2 दिसंबर, 2026 तक अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इसके अलावा रिपोर्ट के साथ 15 से 17 नवंबर तक की सीसीटीवी फुटेज भी अनिवार्य रूप से जमा करवाने के आदेश दिए गए हैं।




Major action by Sri Akal Takht Sahib regarding the sacrilege incident at a Delhi Gurdwara




