You are currently viewing पंजाब पुलिस में एक साथ बदले गए 274 ASP और DSP, देखें जालंधर-लुधियाना और अमृतसर में किसे मिली नई जिम्मेदारी

पंजाब पुलिस में एक साथ बदले गए 274 ASP और DSP, देखें जालंधर-लुधियाना और अमृतसर में किसे मिली नई जिम्मेदारी

चंडीगढ़: पंजाब में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तेजी लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस इस्टैब्लिशमेंट कमेटी की मंजूरी के बाद शनिवार देर रात एक साथ 274 ASP और DSP रैंक के अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। इस व्यापक फेरबदल में हाल ही में इंस्पेक्टर से प्रमोट होकर डीएसपी बने अधिकारियों के साथ-साथ ट्रेनिंग पूरी कर लौटे युवा अफसरों को भी फील्ड की अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पंजाब के डीजीपी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव होकर आज यानी 22 नवंबर की दोपहर तक अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने और इसकी अनुपालन रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के सख्त निर्देश दिए हैं।

अमृतसर और मोहाली में बदली पुलिस की कमान, 2024 बैच के युवा IPS को मिली बड़ी जिम्मेदारी

इस तबादला सूची के तहत अमृतसर और मोहाली (SAS नगर) के पुलिस ढांचे में बड़े बदलाव किए गए हैं। अमृतसर में हैदराबाद स्थित नेशनल पुलिस अकादमी (NPA) से बेसिक ट्रेनिंग पूरी कर लौटे 2024 बैच के युवा IPS अधिकारी पारस गर्ग को ASP सब-डिवीजन सेंट्रल की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अमृतसर में हरिंदर सिंह को ACP नॉर्थ, गुरविंदर सिंह को ACP साउथ, प्रीत इंदर सिंह को ACP डिटेक्टिव और बलजीत सिंह को ACP हेडक्वार्टर नियुक्त किया गया है। वहीं मोहाली की बात करें तो यहां वरिंदर सिंह खोसा को DSP डेराबस्सी, इंदरजीत सिंह को DSP हेडक्वार्टर, गुरप्रीत सिंह को DSP सिटी-2 और हरमनप्रीत सिंह को DSP एयरपोर्ट लगाया गया है। साथ ही अमरबीर सिंह को DSP साइबर क्राइम एंड फॉरेंसिक तथा हरसिमरन सिंह को DSP NRI मोहाली की कमान सौंपी गई है।

लुधियाना और जालंधर में नए ACP तैनात, ट्रैफिक से लेकर क्राइम कंट्रोल तक नई टीम

औद्योगिक नगरी लुधियाना और दोआबा के केंद्र जालंधर में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को तैनात किया गया है। लुधियाना में अमनदीप सिंह को ACP गिल (साउथ), सुखविंदर सिंह बराड़ को ACP साहनेवाल, गुरप्रीत सिंह को ACP नॉर्थ, अनवर अली को ACP वेस्ट, सतीश कुमार को ACP सेंट्रल और रजनीश कुमार को ACP ईस्ट लगाया गया है। इसके अतिरिक्त शहर की यातायात और जांच व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दीपिंदर सिंह को ACP ट्रैफिक-1, इंदरजीत सिंह को ACP डिटेक्टिव-1 और दीप करण सिंह को ACP डिटेक्टिव-2 की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर, जालंधर कमिश्नरेट में सुरिंदर सिंह को ACP डिटेक्टिव, मोहित कुमार को ACP वेस्ट, ओंकार सिंह को ACP सेंट्रल, राजेश ठाकुर को ACP नॉर्थ, जतिंदर चौहान को ACP कैंट और रूपदीप कौर को ACP मॉडल टाउन नियुक्त किया गया है, जबकि अमृतपाल सिंह को नया ACP ट्रैफिक बनाया गया है।

पटियाला और बठिंडा समेत अन्य जिलों में भी फेरबदल, काउंटर इंटेलिजेंस में अतिरिक्त कार्यभार

शाही शहर पटियाला में फतेह सिंह बराड़ को DSP सिटी-2, हरतेश कौशिक को DSP राजपुरा, पलविंदर सिंह को DSP रूरल (सनौर), रणबीर सिंह को DSP पातड़ां और गुरदीप सिंह को DSP समाना के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही अमरदीप सिंह को DSP डिटेक्टिव और हेमंत कुमार को DSP हेडक्वार्टर पटियाला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अन्य प्रमुख जिलों की बात करें तो मनोज कुमार को DSP सिटी-1 बठिंडा लगाया गया है। वहीं अमनदीप सोंधी को DSP निहाल सिंह वाला, आतिश भाटिया को DSP दसूहा और निखिल गर्ग को DSP कलानौर (गुरदासपुर) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सुखजीत सिंह को पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस के साथ-साथ SSOC मोहाली का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

इंस्पेक्टर से प्रमोट हुए अफसरों को फील्ड में उतारा, UN मिशन से लौटे अधिकारी को भी अहम पोस्टिंग

सरकार द्वारा जारी इस तबादला सूची की एक खास बात यह भी है कि इसमें बड़ी संख्या में उन अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो हाल ही में इंस्पेक्टर पद से पदोन्नत होकर DSP बने हैं। इन अधिकारियों को विभिन्न जिलों में सब-डिवीजन की कमान सौंपने के अलावा क्राइम अगेंस्ट वुमन एंड चिल्ड्रन, PBI नारकोटिक्स, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी कड़ी में संयुक्त राष्ट्र यानी UN मिशन से लौटे सुभाष चंद्र को DSP ANTF लुधियाना रेंज नियुक्त किया गया है।

274 ASPs and DSPs in the Punjab Police transferred simultaneously; see who has been assigned