You are currently viewing एक महीने बाद झुके AAP विधायक ग्यासपुरा, अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को लिखा माफीनामा, तनखैया घोषित होने के बाद अब धार्मिक सजा भुगतने को तैयार

एक महीने बाद झुके AAP विधायक ग्यासपुरा, अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को लिखा माफीनामा, तनखैया घोषित होने के बाद अब धार्मिक सजा भुगतने को तैयार

अमृतसर: श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से ‘तनखैया’ घोषित किए गए पायल विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने पूरे प्रकरण के करीब एक महीने बाद अपने बयानों के लिए माफी मांग ली है। ग्यासपुरा ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को एक पत्र लिखकर अपनी गलती स्वीकार की है और तख्त के समक्ष पेश होकर धार्मिक सजा (तनखाह) भुगतने के लिए समय मांगा है। राजनीतिक गलियारों में उनके इस कदम को आगामी चुनावों के मद्देनजर एक बड़े सियासी दांव के रूप में देखा जा रहा है।

टिकट मिलने के बाद पंथक विवाद से बाहर निकलने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, पार्टी की ओर से हलके का टिकट मिलने के बाद मनविंदर सिंह ग्यासपुरा खुद को इस गंभीर पंथक विवाद से छुटकारा दिलाना चाहते हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से ‘गुरु दोखी’ करार दिया जा चुका है, वहीं दूसरी ओर बेअदबी मामलों को लेकर सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ भी लोगों में रोष बना हुआ है। ऐसे संवेदनशील माहौल में चुनाव से पहले खुद ही धार्मिक सजा की मांग कर ग्यासपुरा ने खुद को पंथक नाराजगी और विवादों के घेरे से बाहर निकालने की कोशिश की है। उल्लेखनीय है कि बीती 16 अक्तूबर को पांच सिंह साहिबानों की बैठक में उन्हें तनखैया घोषित किया गया था।

12 अक्तूबर को सचिवालय में प्रवेश रोकने से शुरू हुआ था पूरा विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत 12 अक्तूबर को उस समय हुई थी, जब आम आदमी पार्टी के कुछ विधायक और नेता श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में एक ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। इस प्रतिनिधिमंडल में मनविंदर सिंह ग्यासपुरा भी शामिल थे, लेकिन उन्हें सचिवालय के भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद बाहर आकर ग्यासपुरा ने आरोप लगाया था कि दलित समुदाय से संबंध रखने के कारण उन्हें अंदर जाने से रोका गया है और उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को जातिगत भेदभाव से जोड़ दिया था। हालांकि, श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने उनके इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि जाति, नस्ल या रंग के आधार पर किसी को नहीं रोका गया, बल्कि सिख संस्थाओं और जत्थेदार के खिलाफ पहले की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के कारण उन्हें प्रवेश से रोका गया था।

12 विधायकों ने झाड़ा था पल्ला, पांच सिंह साहिबानों ने सुनाया था फैसला
मामला तूल पकड़ने के बाद 16 अक्तूबर को आम आदमी पार्टी के करीब 12 विधायक श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने अपने लिखित स्पष्टीकरण में स्वीकार किया था कि 12 अक्तूबर को ग्यासपुरा द्वारा लगाए गए जातिगत भेदभाव के आरोपों का उन्होंने सार्वजनिक रूप से विरोध नहीं किया था। सभी विधायकों ने ग्यासपुरा के बयानों से खुद को पूरी तरह अलग करते हुए उन्हें उनका निजी विचार बताया था और अपनी गलती के लिए क्षमा मांगी थी।

उसी दिन पांच सिंह साहिबानों की बैठक में ग्यासपुरा को तनखैया घोषित करने का फैसला सुनाया गया। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा था कि ग्यासपुरा ने श्री हरिमंदिर साहिब के सेवादारों पर जातिगत भेदभाव के झूठे आरोप लगाकर और सिख संस्थाओं व धार्मिक शख्सियतों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर सिख संगत की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है। साथ ही संगत को यह निर्देश भी दिया गया था कि जब तक ग्यासपुरा श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होकर धार्मिक सजा भुगतने की प्रक्रिया पूरी नहीं करते, तब तक उनसे किसी प्रकार का मेलजोल न रखा जाए। 

A month later, AAP MLA Giaspura has relented; he has written a letter of apology to the Jathedar of Akal Takht Sahib