You are currently viewing नेचुरल डेथ बताकर छिपा रहे थे बहू की मौत का सच, पड़ोसी के एक खुलासे ने पति और सास-ससुर को पहुंचाया जेल

नेचुरल डेथ बताकर छिपा रहे थे बहू की मौत का सच, पड़ोसी के एक खुलासे ने पति और सास-ससुर को पहुंचाया जेल

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में अपराध का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ससुराल वालों ने अपनी ही बहू की हत्या कर दी और इसे ‘नेचुरल डेथ’ (प्राकृतिक मौत) बताकर मामले को रफा-दफा करने की खौफनाक साजिश रची। लेकिन कहते हैं ना कि जुर्म कभी छिपता नहीं है, यहां भी ऐसा ही हुआ। एक पड़ोसी के अहम बयान ने पुलिस के शक को गहरा कर दिया और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस की सघन जांच, अस्पताल की एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने ससुरालियों के झूठ की पोल खोल दी, जिसके बाद मृतका के पति, सास और ससुर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

10 दिन पहले हुई थी मारपीट, पड़ोसी ने खोला राज

शुरुआत में परिवार की बातों में आकर मामला सामान्य मौत का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान एक पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि घटना से करीब 10 दिन पहले इस घर में भारी मारपीट हुई थी। इस अहम इनपुट ने पुलिस के कान खड़े कर दिए और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया। जब पुलिस ने गहराई से तफ्तीश की और अस्पताल से मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) व पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो पूरा केस 180 डिग्री पलट गया। रिपोर्ट में साफ हो गया कि महिला की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी।

10 महीने की मासूम बच्ची की मां थी प्रतिमा

जानकारी के मुताबिक, मृतका प्रतिमा की शादी करीब दो साल पहले ही चंडीगढ़ के धनास स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) कॉलोनी में रहने वाले नवीन से हुई थी। शादी के बाद से ही वह अपने ससुराल में रह रही थी। प्रतिमा की एक 10 महीने की छोटी सी बेटी भी है, जिसके सिर से अब मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। परिवार ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बताया था कि घटना वाले दिन यानी 4 अप्रैल को प्रतिमा का पति नवीन अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था।

सास ने रची थी झूठी कहानी, पूछताछ में उगल दिया सच

वारदात को छिपाने के लिए सास रीवा देवी ने एक झूठी कहानी रची थी। उसने पुलिस को बताया था कि दोपहर के समय प्रतिमा कमरे में बेड पर चुपचाप लेटी हुई थी। जब उसने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला और पास जाकर हिलाने पर शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद वे उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई, तो पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की। पुलिस की पूछताछ में ससुरालियों के बयानों में भारी विरोधाभास नजर आया, जिसके बाद वे ज्यादा देर टिक नहीं सके और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के सामने खुलासा हुआ कि पति नवीन ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर ही पत्नी को मौत के घाट उतारा था। सच सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों को मुख्य आरोपी बनाकर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Attempting to Cover Up the Truth of Their Daughter-in-Law’s Death by Claiming It Was Natural