मोहाली: पंजाब के मोहाली स्थित मशहूर वीआर (VR) पंजाब मॉल को आम जनता के लिए तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। मॉल प्रबंधन ने इस अचानक लिए गए फैसले के पीछे 3 अप्रैल को आए भूकंप को मुख्य वजह बताया है। प्रबंधन का कहना है कि शक्तिशाली झटकों से इमारत को नुकसान पहुंचने की आशंका है और फिलहाल पूरे ढांचे की विस्तृत जांच (स्ट्रक्चरल सेफ्टी रिव्यू) की जा रही है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जब तक इमारत की मजबूती की पूरी तरह से जांच नहीं हो जाती और सब कुछ सुरक्षित नहीं पाया जाता, तब तक मॉल के दरवाजे ग्राहकों और कर्मचारियों के लिए बंद ही रहेंगे।
बैरिकेड्स लगाकर रोका रास्ता
मॉल को दोबारा कब तक खोला जाएगा, इसे लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह से साफ नहीं है। हालांकि, इस अचानक बंदी ने एक बड़ा आर्थिक संकट जरूर खड़ा कर दिया है। मॉल के एकाएक बंद होने से वहां काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों की रोजी-रोटी छिन गई है और वे रातों-रात बेरोजगार हो गए हैं, वहीं करोड़ों का माल भरकर बैठे दुकानदारों के चेहरों पर भी भारी चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। सोमवार को जो लोग खरीदारी या घूमने के इरादे से मॉल पहुंचे थे, उन्हें मुख्य द्वार से ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। सोमवार रात को भी पूरा मॉल अंधेरे में डूबा नजर आया और सुरक्षा कारणों से एंट्री गेट पर बैरिकेड्स लगाकर किसी भी तरह की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया है।
खतरे को देखते हुए बोर्ड ने लिया फैसला
मॉल का संचालन करने वाली कंपनी मालवा प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से गेट पर एक विस्तृत सार्वजनिक नोटिस भी चस्पा किया गया है। नोटिस के माध्यम से लोगों को सूचित किया गया है कि 3 अप्रैल के भूकंप के बाद इमारत के कमजोर होने का खतरा पैदा हो गया है। कंपनी की आंतरिक और बाहरी तकनीकी टीमों द्वारा की गई शुरुआती जांच में बिल्डिंग में गंभीर खतरे की संभावना सामने आई थी। इसी तकनीकी रिपोर्ट को आधार बनाते हुए कंपनी के बोर्ड ने लोगों और दुकानदारों की जानमाल की सुरक्षा के मद्देनजर मॉल को तुरंत बंद रखने का कड़ा फैसला लिया। प्रबंधन ने प्रशासन, दुकानदारों, कर्मचारियों और सप्लायर्स को इस बंदी की आधिकारिक सूचना दे दी है और यह साफ कर दिया है कि पूरी जांच के बाद ढांचे के 100 प्रतिशत सुरक्षित होने की पुष्टि होने पर ही मॉल को दोबारा खोला जाएगा।

This Famous Mall in Punjab Suddenly Sealed Off, Access Blocked with Barricades








