You are currently viewing कनाडा क्रिकेट टीम में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ, गुरदासपुर के खिलाड़ी को कप्तान बनाने के लिए मिल रही जान से मारने की धमकी

कनाडा क्रिकेट टीम में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ, गुरदासपुर के खिलाड़ी को कप्तान बनाने के लिए मिल रही जान से मारने की धमकी

जालंधर: कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ अब सरहदों को पार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल की दुनिया तक पहुंच गया है। कनाडा के क्राइम ब्यूरो (सीबीसी) ने अपनी एक ताजा और सनसनीखेज रिपोर्ट में खुलासा किया है कि लॉरेंस गैंग अब कनाडा की नेशनल क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को सरेआम जान से मारने की धमकियां दे रहा है। 17 अप्रैल को जारी की गई इस रिपोर्ट ने खेल जगत में हड़कंप मचा दिया है। खिलाड़ियों को मिल रही इन जानलेवा धमकियों के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है, जिसका सीधा कनेक्शन भारत के पंजाब से जुड़ा हुआ है।

गुरदासपुर के इस खिलाड़ी को कप्तान बनाने का बन रहा दबाव

कनाडाई क्राइम ब्यूरो की ‘द फिफ्थ एस्टेट’ नामक इस विस्तृत रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लॉरेंस गैंग पंजाबी मूल के क्रिकेटर दिलप्रीत बाजवा को कनाडा क्रिकेट टीम का कप्तान बनाना चाहता है। पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले दिलप्रीत ने साल 2020 में कनाडा की नेशनल क्रिकेट टीम में एंट्री की थी। गैंग की तरफ से लगातार यह दबाव बनाया जा रहा है कि बाजवा को ही टीम की कमान सौंपी जाए और ऐसा न होने पर वे टीम के अन्य खिलाड़ियों को निशाना बना रहे हैं। सीबीसी की रिपोर्ट में इस बात का भी बड़ा खुलासा हुआ है कि कनाडाई नेशनल क्रिकेट टीम में अब संगठित अपराध, धमकियों, भ्रष्टाचार और मैच-फिक्सिंग की जड़ें काफी गहरी हो चुकी हैं।

जुलाई 2025 से शुरू हुआ खौफ पैदा करने का यह सिलसिला

रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट में गैंग के दखल और धमकियों का यह पूरा विवाद जुलाई 2025 में शुरू हुआ था। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों और बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। गंभीर आरोप हैं कि इस खतरनाक गैंग के गुर्गों ने नेशनल टीम की सिलेक्शन प्रक्रिया और कप्तानी के फैसलों को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए हिंसक और खौफनाक तरीकों का सहारा लिया है। गैंग की इस अवैध दखलअंदाजी और लगातार मिल रही जानलेवा धमकियों के कारण इस वक्त पूरी कनाडाई टीम और वहां के क्रिकेट बोर्ड के भीतर दहशत का जबरदस्त माहौल बना हुआ है।  

Lawrence Bishnoi Gang’s Reign of Fear Grips Canadian Cricket Team