You are currently viewing हाथ में ‘हरि सिंह नलवा’ का टैटू और छलकाए जाम… मशहूर पंजाबी मॉडल की इस हरकत पर भड़के निहंग; दी 48 घंटे की मोहलत

हाथ में ‘हरि सिंह नलवा’ का टैटू और छलकाए जाम… मशहूर पंजाबी मॉडल की इस हरकत पर भड़के निहंग; दी 48 घंटे की मोहलत

जालंधर: सोशल मीडिया पर अपने ग्लैमरस अवतार के लिए पहचानी जाने वाली मशहूर पंजाबी मॉडल, ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर पायल परम उर्फ परमजीत कौर एक बड़े विवाद में घिर गई हैं। पायल का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह शराब और सिगरेट पीती हुई नजर आ रही हैं। बवाल इस बात पर मचा है कि जिस हाथ से वह जाम छलका रही हैं, उसी हाथ पर महान सिख योद्धा हरि सिंह नलवा का टैटू बना हुआ है। इस वीडियो के सामने आते ही सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।

’48 घंटे में अकाल तख्त साहिब में पेश हो, वरना हम खुद देंगे प्रसाद’

पायल की इस हरकत पर चंडीगढ़ के रहने वाले निहंग सिंह जसदीप सिंह ने कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्हें खुली चेतावनी दे डाली है। निहंग सिंह ने भड़कते हुए कहा है कि मॉडल ने हाथ में सिमरना (कड़ा) पहन रखा है और उसी हाथ में शराब की बोतल पकड़ी हुई है, जो कि सीधे तौर पर सिखी सिद्धांतों का घोर अपमान है। इसके अलावा कार में संतों की तस्वीर के सामने सिगरेट पीने पर भी निहंग सिंह ने सख्त आपत्ति जताई है। उन्होंने पायल को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि वह 48 घंटे के भीतर श्री अकाल तख्त साहिब में पेश होकर देग (प्रसाद) करवाएं और अपनी इस भूल के लिए माफी मांगें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो ‘सिंह इसे खुद प्रसाद दे देंगे और इसका पूरा हिसाब कर देंगे।’

विवाद बढ़ता देख बैकफुट पर आई मॉडल, पोस्ट लिखकर मांगी माफी

निहंग सिंह की इस खुली चेतावनी और सोशल मीडिया पर बढ़ते भारी विरोध को देखते हुए पायल परम पूरी तरह से घबरा गई हैं। मामला हाथ से निकलता देख उन्होंने तुरंत अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर सार्वजनिक तौर पर माफी मांग ली है। अपनी सफाई देते हुए इस पंजाबी मॉडल ने लिखा है कि इंसान से ही गलतियां होती हैं और वह अपनी गलतियों से ही सीखता है। पायल ने आगे लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत सी गलतियां की हैं और उनसे सबक भी लिया है, साथ ही भरोसा दिलाया है कि भविष्य में वह दोबारा ऐसी कोई हरकत नहीं करेंगी।

बिग बॉस के सेट तक पहुंच चुकी है मोरिंडा के छोटे से गांव की पायल

खुद को एक सफल कंटेंट क्रिएटर बताने वाली पायल परम मूल रूप से पंजाब में मोरिंडा के पास स्थित छोटे से गांव धनौरी की रहने वाली है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके लाखों की संख्या में फॉलोअर्स हैं जो उनके हर अपडेट का इंतजार करते हैं। पायल की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह बॉलीवुड के ‘दबंग’ यानी सलमान खान के साथ रियलिटी शो बिग बॉस के सेट पर भी जा चुकी हैं, जिसका वीडियो उन्होंने खुद शेयर किया था। हालांकि, निहंग सिंह ने उनके छोटे कपड़े पहनने और अंग प्रदर्शन वाले अन्य वीडियो को लेकर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है, जिसने इस पूरे विवाद को और अधिक गरमा दिया है।

A tattoo of ‘Hari Singh Nalwa’ on her hand and a drink spilled… Nihangs enraged by this act of a famous Punjabi model