You are currently viewing पंजाब में शीत लहर का टॉर्चर: 1.1 डिग्री तक लुढ़का पारा, ये जिला सबसे ठंडा; कोहरे के कारण कई फ्लाइट्स अटकीं

पंजाब में शीत लहर का टॉर्चर: 1.1 डिग्री तक लुढ़का पारा, ये जिला सबसे ठंडा; कोहरे के कारण कई फ्लाइट्स अटकीं

अमृतसर: पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और पंजाब में आसमान साफ होने के बाद सूबे में ठंड ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। बीते 24 घंटों के भीतर राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड के बीच होशियारपुर पंजाब का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है। ठंड बढ़ने के साथ ही शनिवार को पूरा प्रदेश घनी धुंध की चादर में लिपटा नजर आया।

अमृतसर में 5 डिग्री गिरा पारा, होशियारपुर में 1.1 डिग्री रिकॉर्ड

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा शनिवार सुबह जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। वहीं, अमृतसर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां पिछले 24 घंटों में तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अन्य शहरों में भी ठिठुरन बढ़ गई है। लुधियाना में 5 डिग्री, पटियाला में 4.4 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

16 जनवरी तक कोहरे और शीत लहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने ठंड और कोहरे को देखते हुए 16 जनवरी तक पूरे राज्य में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई जिले घनी धुंध की चपेट में रहेंगे। शनिवार को अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कोहरे का येलो अलर्ट है। वहीं, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा में ‘कोल्ड वेव’ (शीत लहर) की चेतावनी जारी की गई है।

घनी धुंध से हवाई सफर पर लगा ब्रेक

अमृतसर में छाई घनी धुंध का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने के कारण सुबह 6:45 बजे के बाद से अमृतसर एयरपोर्ट से विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ। सुबह 6:45 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, लेकिन उसके बाद उड़ानें थम गईं। सुबह 7 बजे मुंबई से आई एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2729) को 8:35 बजे वापस उड़ान भरनी थी, लेकिन धुंध के कारण वह उड़ान नहीं भर सकी। इसी तरह सुबह 10:05 बजे शिमला जाने वाली और 10:15 बजे हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट भी समय पर रवाना नहीं हो सकी।

Cold wave tortures Punjab: Mercury plummets to 1.1 degrees Celsius.