You are currently viewing नशे के खिलाफ वीडियो बनाने पर प्रताड़ना का आरोप, DC दफ्तर के बाहर युवक ने निगला जहर; सरपंच के खिलाफ केस दर्ज

नशे के खिलाफ वीडियो बनाने पर प्रताड़ना का आरोप, DC दफ्तर के बाहर युवक ने निगला जहर; सरपंच के खिलाफ केस दर्ज

संगरूर: सुनाम के नजदीकी गांव नमोल के रहने वाले जग्गा सिंह ने कथित पुलिसिया निष्क्रियता और स्थानीय दबंगों की प्रताड़ना से तंग आकर जिला उपायुक्त (DC) कार्यालय के बाहर जहरीला पदार्थ निगल लिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों और राहगीरों ने गंभीर हालत में उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पंजाब की राजनीति में भी भारी उबाल आ गया है और विपक्षी दलों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है।

‘चिट्टे’ के खिलाफ आवाज उठाने के बाद मिला खौफनाक सिला
अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे जग्गा सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने इलाके में बिक रहे नशे (चिट्टे) के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर आवाज उठाई थी। उनका आरोप है कि इस वीडियो के सामने आने के बाद गांव के सरपंच और उसके साथी लगातार उनका उत्पीड़न कर रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर में जबरन घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकियां दीं। इतना ही नहीं, घटना के सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। जग्गा सिंह के अनुसार, बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से हताश होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पत्नी के बयान पर सरपंच के खिलाफ केस दर्ज, ग्रामीणों के अलग दावे
मामले के तूल पकड़ते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। थाना प्रभारी (SHO) योगेश गर्ग ने बताया कि पीड़ित जग्गा सिंह की पत्नी के बयान के आधार पर आरोपी सरपंच के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं दूसरी तरफ, गांव नमोल में इकट्ठा हुए कुछ ग्रामीणों का कहना है कि जग्गा सिंह खुद भी नशे का आदी रहा है। हालांकि, पुलिस दोनों पक्षों की बातों को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच की बात कह रही है।

विपक्ष का हमला, सचिन पायलट से लेकर सुखबीर बादल तक ने उठाए सवाल
इस घटना का वीडियो और जानकारी सामने आते ही पंजाब में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मंत्री विजयइंदर सिंगला समेत भाजपा के कई प्रमुख नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि पंजाब में ड्रग माफिया का विरोध करने वालों को न्याय नहीं मिल रहा है, जिसके चलते आम नागरिकों को आत्महत्या का रास्ता चुनने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

Punjab government to move Supreme Court against Kishau Dam project