संगरूर: संगरूर में आवारा कुत्तों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है, जिससे आम लोगों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है। ताजा मामला सुंदर बस्ती का है, जहां गुरुवार रात घर के पास बने मंदिर के बाहर खेल रहे एक पांच साल के बच्चे पर चार-पांच कुत्तों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं।
मासूम को बुरी तरह नोचा, छाती से पैर तक चढ़ा प्लास्टर
कुत्तों ने बच्चे के सिर, चेहरे, छाती, पेट, जांघ और पैरों को बुरी तरह नोच डाला। हमला इतना भयानक था कि कुत्तों के काटने और खींचने के कारण बच्चे की जांघ की हड्डी भी टूट गई। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बड़ी मुश्किल से उसे खूंखार कुत्तों के चंगुल से छुड़वाया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे के शरीर पर काटने के कई गहरे जख्म हैं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसकी छाती से लेकर पैर तक प्लास्टर लगा दिया है।
30 दिसंबर को महिला को भी बनाया था शिकार
सुंदर बस्ती निवासी और भारतीय अंबेडकर मिशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष दर्शन सिंह कांगड़ा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घायल बच्चे का नाम रोहित है। उन्होंने बताया कि इलाके में कुत्तों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि इससे पहले 30 दिसंबर को इसी बस्ती की रहने वाली एक महिला को भी आवारा कुत्तों ने काट लिया था।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है क्योंकि आवारा कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। गौरतलब है कि आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी पहले चिंता व्यक्त कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

Stray dogs are terrorizing Punjab; a 5-year-old boy was mauled and left critically injured




