जालंधर: जालंधर देहात के शाहकोट इलाके से साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक व्यक्ति को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। शाहकोट की जैन कॉलोनी के रहने वाले अमृतपाल सिंह के साथ करीब 12.17 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित की शिकायत पर शाहकोट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, अमृतपाल सिंह को ‘नियो वेल्थ ई’ नामक एक ऑनलाइन ऐप के जरिए निवेश करने और उस पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। ठगी का यह पूरा खेल 13 अक्टूबर से शुरू हुआ। मुनाफे के झांसे में आकर पीड़ित ने ऐप के माध्यम से शुरुआत में करीब 7.50 लाख रुपये जमा करवा दिए। शातिरों ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए ऐप के डैशबोर्ड पर करीब 82.36 लाख रुपये का फर्जी मुनाफा भी दिखाया, जिसे देखकर अमृतपाल उनके जाल में और गहराई से फंस गए।
मामला तब बिगड़ा जब पीड़ित ने ऐप पर दिख रहे मुनाफे को अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की। ठगों ने रकम जारी करने के बदले सर्विस टैक्स और अन्य शुल्कों का हवाला देते हुए और पैसों की मांग कर डाली। अपनी रकम वापस पाने की उम्मीद में शिकायतकर्ता ने 4.67 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए, लेकिन इसके बाद भी उन्हें फूटी कौड़ी नहीं मिली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने 26 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश के लुभावने विज्ञापनों से सतर्क रहें और किसी भी ऐप की प्रमाणिकता जांचने के बाद ही पैसा लगाएं।

A major cyber fraud was committed in Jalandhar using this app; Rs. 12 lakh were swindled by luring victims with promises of profit




