You are currently viewing जालंधर पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच मुठभेड़, 10 राउंड फायरिंग के बाद बटाला डबल मर्डर के दो आरोपी गिरफ्तार; एनकाउंटर में हुए घायल

जालंधर पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच मुठभेड़, 10 राउंड फायरिंग के बाद बटाला डबल मर्डर के दो आरोपी गिरफ्तार; एनकाउंटर में हुए घायल

जालंधर: महानगर के नूरपुर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घेराबंदी कर कुख्यात गैंगस्टर दादेवाला और हैरी चूहा गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों तरफ से हुई करीब 10 से 11 राउंड फायरिंग के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दोनों को काबू कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है और उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरदीप सिंह और तेजवीर सिंह के रूप में हुई है। घटनाक्रम उस वक्त शुरू हुआ जब पुलिस ने सूचना के आधार पर संदिग्धों को घेर लिया और उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस कमिश्नर (सीपी) धनप्रीत कौर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ये अपराधी शहर में सक्रिय थे। इन्होंने 22 दिसंबर को पठानकोट चौक के पास डी-मार्ट के बाहर बंदूक की नोक पर एक वाहन छीनने की कोशिश की थी, जिसकी शिकायत 23 तारीख को थाना नंबर 8 में दर्ज की गई थी।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ये अपराधी केवल जालंधर ही नहीं, बल्कि बटाला पुलिस के लिए भी सिरदर्द बने हुए थे। आरोपियों ने 10 दिसंबर को बटाला में फायरिंग की एक वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। बटाला में डबल मर्डर की घटना को अंजाम देने के बाद ये वहां से फरार होकर जालंधर में छिप गए थे और यहां लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्तौल बरामद की हैं और फिलहाल अस्पताल में इनका इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहा है।

An encounter took place between Jalandhar police and gangsters; two accused in the Batala double murder case were arrested after 10 rounds