You are currently viewing जालंधर से लापता युवक पाकिस्तान में गिरफ्तार, रेंजर्स ने हथकड़ी वाली तस्वीर की जारी; जासूसी के एंगल से पूछताछ शुरू

जालंधर से लापता युवक पाकिस्तान में गिरफ्तार, रेंजर्स ने हथकड़ी वाली तस्वीर की जारी; जासूसी के एंगल से पूछताछ शुरू

जालंधर: जालंधर के शाहकोट इलाके से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुआ एक युवक सरहद पार पाकिस्तान पहुंच गया है। इस चौंकाने वाले मामले का खुलासा तब हुआ, जब पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे अपनी सीमा में गिरफ्तार कर उसकी हथकड़ी लगी तस्वीर जारी कर दी। युवक की पहचान शरणदीप सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से अपने घर से गायब था और उसके पिता ने स्थानीय पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई थी।

पाकिस्तानी रेंजर्स के मुताबिक, गश्त के दौरान उन्होंने भारतीय युवक को पाकिस्तानी पंजाब के जिला कसूर के सीमावर्ती क्षेत्र सहजरा में संदिग्ध हालत में घूमते हुए पाया। उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती पूछताछ के बाद रेंजर्स ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए युवक को गंडा सिंह पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है। पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही हैं कि शरणदीप ने सीमा क्यों पार की। पाकिस्तानी पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को हल्के में नहीं ले रहे हैं और युवक से जासूसी व तस्करी, दोनों एंगल्स पर सघन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह अनजाने में भटकने का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य मकसद था।

इधर, जालंधर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। पता चला है कि शरणदीप सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कुछ दिन पहले ही झगड़े के एक मामले में कपूरथला जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से आने के कुछ समय बाद ही वह घर से गायब हो गया। बेटे के पाकिस्तान की जेल में होने की खबर मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया है। शरणदीप के पिता ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि उनके बेटे को वापस लाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास किए जाएं।

A young man who went missing from Jalandhar has been arrested in Pakistan; the Rangers have released a picture of him in handcuffs