जालंधर: जालंधर के चिकित्सा जगत में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय अदालत ने शहर के प्रसिद्ध सर्वोदय अस्पताल से जुड़े कई नामी डॉक्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में FIR दर्ज करने का सख्त आदेश सुनाया। यह पूरा मामला अस्पताल के भागीदारों के बीच पैसों के लेन-देन और हिसाब-किताब में हुई कथित धांधली से जुड़ा है। अदालत का यह आदेश डॉक्टर पंकज त्रिवेदी द्वारा दायर की गई याचिका पर सुनवाई के बाद आया है।
शिकायतकर्ता डॉ. पंकज त्रिवेदी ने आरोप लगाया था कि उन्होंने अन्य डॉक्टरों के साथ मिलकर साझेदारी में सर्वोदय अस्पताल खोला था, लेकिन बाद में अन्य भागीदारों ने हिसाब-किताब में उनके साथ धोखा किया। अदालत ने जिन डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश पुलिस को दिया है, उनमें शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक शामिल हैं। इनमें मास्टर तारा सिंह नगर निवासी डॉ. कपिल गुप्ता, प्रसिद्ध किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश अग्रवाल, डॉ. संजय मित्तल और छोटी बारादरी निवासी डॉ. अनवर इब्राहिम खां के नाम प्रमुख हैं।
डॉ. त्रिवेदी के मुताबिक, उन्होंने इस धोखाधड़ी को लेकर दिसंबर 2021 में ही पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने उस समय उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिसिया कार्रवाई न होने से निराश होकर उन्होंने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए और याचिका पर सुनवाई करने के बाद आज पुलिस को डॉ. राजेश अग्रवाल, डॉ. कपिल गुप्ता, डॉ. संजय मित्तल और डॉ. अनवर इब्राहिम खां के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

The threat of arrest looms over prominent doctors in Jalandhar; the court has ordered the filing of FIRs against four top doctors




