You are currently viewing जालंधर में भगवान के घर में चोरी, माथा टेकने के बहाने आए 3 नाबालिगों ने उड़ाए शनि देव के चांदी के चरण, CCTV में कैद हुई वारदात

जालंधर में भगवान के घर में चोरी, माथा टेकने के बहाने आए 3 नाबालिगों ने उड़ाए शनि देव के चांदी के चरण, CCTV में कैद हुई वारदात

जालंधर: महानगर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं रहा। आए दिन हो रही चोरी की वारदातों के बीच ताजा मामला जालंधर की ग्रोवर कॉलोनी से सामने आया है, जहां स्थित एक मंदिर में तीन नाबालिग बच्चों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। इन बच्चों ने बड़ी चालाकी से मंदिर में स्थापित शनि महाराज के चांदी के चरण चुरा लिए। राहत की बात यह है कि यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंदिर के पुजारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जब वह मंदिर में पाठ कर रहे थे, तभी करीब 12 वर्ष की आयु के तीन बच्चे वहां पहुंचे। इन शातिर बच्चों ने किसी को शक न हो, इसलिए पहले भगवान के आगे माथा टेका और फिर वहीं कुछ देर के लिए बैठ गए। इसी दौरान मौका पाते ही एक नाबालिग ने शनि देव के चांदी के चरण उठाए और अपनी जैकेट के अंदर छिपा लिए। पुजारी के मुताबिक, हुलिए से तीनों बच्चों में से एक नेपाली मूल का जबकि दो अन्य प्रवासी प्रतीत हो रहे थे।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बच्चे मंदिर के दूसरे गेट से रफूचक्कर हो गए। सीसीटीवी फुटेज में बच्चे साफ तौर पर चांदी के चरण लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इतनी कम उम्र के बच्चे अपने आप ऐसी चोरी नहीं कर सकते, बल्कि इसके पीछे किसी गिरोह या बड़े व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसने उन्हें चोरी के लिए भेजा था। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

A theft occurred at a temple in Jalandhar; three minors, who came under the pretext of offering prayers