You are currently viewing जालंधर में गैंगवार: कॉलेज प्रधानगी के लिए पेट्रोल पंप पर चलीं 15 राउंड गोलियां, छात्र की छाती और कंधे को बनाया निशाना; हालत नाजुक

जालंधर में गैंगवार: कॉलेज प्रधानगी के लिए पेट्रोल पंप पर चलीं 15 राउंड गोलियां, छात्र की छाती और कंधे को बनाया निशाना; हालत नाजुक

जालंधर: जालंधर के किशनगढ़ इलाके में शुक्रवार सुबह कॉलेज की छात्र राजनीति ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। यहाँ एक निजी कॉलेज की प्रधानगी के विवाद में दो छात्र गुटों के बीच सरेआम गोलियां चल गईं। इस दुस्साहसिक वारदात में हमलावर गुट ने एक छात्र की छाती में सीधी गोली मार दी, जबकि उसी गुट के एक अन्य छात्र के कंधे में गोली लगी है। दोनों घायल छात्रों को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वर्चस्व की इस लड़ाई में करीब 15 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरा इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा और दहशत फैल गई।

घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक गुट के कुछ छात्र किशनगढ़ स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़े थे। पेट्रोल पंप कर्मियों ने बताया कि वे कॉलेज प्रधानगी को लेकर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक दो गाड़ियों में सवार होकर दूसरे गुट के कई छात्र वहां आ धमके। दोनों गुटों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। बात इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर एक गुट ने अवैध हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही एक छात्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसे साथियों ने तुरंत संभाला।

वारदात के वक्त पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि जिस समय गोलियां चल रही थीं, उस वक्त पेट्रोल पंप का मालिक और कर्मचारी दफ्तर के अंदर खाना खा रहे थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए और कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही डीएसपी करतारपुर, आदमपुर थाना और अलावलपुर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। डीएसपी ने बताया कि फुटेज के आधार पर हमलावर छात्रों की पहचान की जा रही है और उनकी धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।  

Gang war in Jalandhar: 15 rounds of bullets fired at a petrol pump over college presidency