जालंधर: महानगर में चोरों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं और पॉश इलाके भी अब सुरक्षित नहीं रहे। ताजा मामला शहर के गोपाल नगर इलाके का है, जहां बेखौफ चोरों ने पार्षद पति रोनी के घर के नजदीक स्थित एक नवनिर्मित मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने बंद पड़े मकान का फायदा उठाते हुए वहां से एसी की पाइपें, बिजली की महंगी तारें और मशीनों सहित करीब 12 से 15 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 2 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित मकान मालिक ललित गुप्ता ने बताया कि उन्होंने हाल ही में यह नया मकान खरीदा था और जल्द ही परिवार सहित वहां शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे उनके ठेकेदार बबलू राम ने फोन कर इस वारदात की जानकारी दी। ठेकेदार जब अपने कर्मचारियों के साथ काम पर पहुंचा, तो उसने देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और ताला जमीन पर पड़ा था। अंदर जाकर मुआयना करने पर पता चला कि घर में लगी महंगी फिटिंग और अन्य कीमती सामान गायब है, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी रघुवीर सिंह ने पुष्टि की है कि घटना शुक्रवार सुबह की है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, लाखों के नुकसान से आहत पीड़ित परिवार ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और तैनात चौकीदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चौकीदार सुरक्षा के नाम पर पैसे तो लेता है, लेकिन निगरानी में घोर लापरवाही बरती जा रही है। फिलहाल पुलिस आसपास की दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Thieves are terrorizing Jalandhar: A new house in the area was targeted, and the thieves fled with goods worth 15 lakh rupees




