जालंधर: महानगर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जालंधर वेस्ट हलके में नशे की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भार्गव कैंप इलाके में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। एसीपी आतिश भाटिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने ‘कासो’ के तहत इलाके में अचानक दबिश दी, जिससे नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इलाके को घेरकर संदिग्ध घरों की तलाशी ली और रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की।
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। तलाशी अभियान के तहत पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक युवक को राउंड अप किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही चेकिंग के दौरान एक कार और एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ना और उनसे जुड़े सुराग जुटाना था। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
एसीपी आतिश भाटिया ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि नशा बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि एसीपी आतिश भाटिया ने हाल ही में वेस्ट हलके का कार्यभार संभाला है और चार्ज लेते ही उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मंशा जाहिर करते हुए मैदानी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की इस सक्रियता से इलाके के लोगों में सुरक्षा की भावना जगी है, वहीं नशा तस्करों में खौफ का माहौल है।

Police crack down on drugs in Jalandhar: ‘CASO’ operation in Bhargav Camp




