You are currently viewing जालंधर में ED की बड़ी कार्रवाई: डंकी रूट मामले में रिची ट्रैवल पर छापा, अमेरिका से डिपोर्ट हुए भारतीयों से जुड़े तार

जालंधर में ED की बड़ी कार्रवाई: डंकी रूट मामले में रिची ट्रैवल पर छापा, अमेरिका से डिपोर्ट हुए भारतीयों से जुड़े तार

जालंधर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध रूप से विदेश भेजने वाले ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ अपना शिकंजा कसते हुए जालंधर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ईडी की टीम ने शहर के मशहूर रिची ट्रैवल के ठिकानों पर दबिश दी है। यह छापेमारी बस स्टैंड के पास स्थित रिची ट्रैवल के मुख्य कार्यालय और जसवंत नगर स्थित मालिक के आवास पर एक साथ चल रही है। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई ‘डंकी रूट’ के जरिए लोगों को अवैध तरीके से अमेरिका भेजने वाले नेटवर्क के खिलाफ चल रही विस्तृत जांच का हिस्सा है। फिलहाल दोनों जगहों पर ईडी का सर्वे और तलाशी अभियान जारी है।

इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के तार हाल ही में अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों से जुड़े हैं। सूत्रों के अनुसार, यह जांच उन एफआईआर (FIR) के आधार पर शुरू की गई थी, जो फरवरी 2025 में अमेरिका से 330 भारतीयों के निष्कासन के बाद दर्ज हुई थीं। गौरतलब है कि इन भारतीयों को अमेरिकी सेना के एक विशेष कार्गो विमान के जरिए वापस भारत भेजा गया था। पूछताछ में यह खुलासा हुआ था कि इन सभी को डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश कराया गया था, जिसके पीछे ट्रैवल एजेंटों, बिचौलियों, विदेशों में बैठे उनके साथियों और हवाला ऑपरेटरों का एक बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है।

जांच का दायरा केवल जालंधर तक सीमित नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, रिची ट्रैवल के अलावा दिल्ली में तरुण खोसला और पानीपत में बलवान शर्मा के ठिकानों पर भी रेड की सूचना है। ईडी ने इससे पहले की गई जांच और सबूतों के आधार पर इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी हैं। एजेंसी ने कुछ दिन पहले ही इसी मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैवल एजेंटों की करीब 5.41 करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच की थी। उस दौरान जालंधर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 13 व्यावसायिक और रिहाइशी ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। फिलहाल बस स्टैंड और जसवंत नगर में ईडी की टीम दस्तावेजों को खंगाल रही है और आने वाले समय में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Major ED action in Jalandhar: Richie Travel raided in the ‘donkey route’ case