जालंधर: महानगर के भगवान वाल्मीकि चौक के पास स्थित प्रकाश ज्वैलर्स पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सोने की चेन की सफाई को लेकर एक महिला पुलिसकर्मी और दुकानदार आमने-सामने आ गए। मामला केवल बातचीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फोन पर हुई बहस के बाद महिला पुलिसकर्मी थाना नंबर 4 की पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचीं, जिससे बाजार में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी ने अपनी सोने की चेन साफ करवाने (धुलवाने) के लिए प्रकाश ज्वैलर्स पर दी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर सुनार और महिला पुलिसकर्मी के बीच फोन पर ही कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला पुलिसकर्मी को अपनी ही विभाग की टीम बुलानी पड़ी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को शांत करवाया गया और आपसी बातचीत से मामले को रफा-दफा कर दिया गया।
मौके पर पहुंचे एएसआई हीरा लाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन अब समझौता हो चुका है। वहीं, महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि दुकानदार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली है और उनकी सोने की चेन भी ठीक करके वापस कर दी गई है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में प्रकाश ज्वैलर्स के मालिक ने मीडिया के सवालों से दूरी बनाए रखी और कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

A heated argument broke out between a female police officer and a jeweler at a jewelry shop in Jalandhar




