You are currently viewing जालंधर में 14 साल की बच्ची को गर्भवती करने वाले पड़ोसी को 20 साल की कैद, कोर्ट ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला

जालंधर में 14 साल की बच्ची को गर्भवती करने वाले पड़ोसी को 20 साल की कैद, कोर्ट ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला

जालंधर: जालंधर की एक अदालत ने समाज को शर्मसार करने वाले एक मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को कड़ी सजा मुकर्रर की है। शहर के बस्ती शेख इलाके में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले 26 वर्षीय दोषी प्रिंस को अदालत ने 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने उस पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि यदि दोषी जुर्माने की राशि अदा नहीं करता है, तो उसे 6 महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।

इस घिनौनी वारदात का खुलासा इसी साल 26 फरवरी को तब हुआ था, जब पीड़िता को बुखार आने पर उसकी मां उसे दवा दिलाने के लिए डॉक्टर के पास ले गई थी। वहां चेकअप के दौरान डॉक्टर ने जो खुलासा किया, उसे सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। डॉक्टर ने बताया कि 14 साल की यह बच्ची गर्भवती है। घर वालों के पूछने पर डरी-सहमी बच्ची ने रोते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाले प्रिंस ने उसे बहला-फुलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया था।

जांच में सामने आया कि दोषी प्रिंस पहले से शादीशुदा है। उसने मासूम बच्ची की नादानी का फायदा उठाया और वारदात के बाद उसे धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया, तो वह उसे जान से मार देगा। इसी डर के कारण बच्ची काफी समय तक चुप रही, लेकिन शारीरिक बदलावों और मेडिकल जांच ने आरोपी का सच सबके सामने ला दिया। थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सबूत जुटाकर जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में पेश की, जिसके आधार पर अब अदालत ने समाज में कड़ा संदेश देने के लिए यह सख्त फैसला सुनाया है।

Jalandhar 20-year-old man jailed for impregnating 14-year-old girl