You are currently viewing जालंधर में पेट्रोल पंप पर गन प्वाइंट पर लूट, मैनेजर की कनपटी पर पिस्तौल तानकर लूटे 2 लाख; सेल्समैन को घसीटकर कमरे में किया बंद

जालंधर में पेट्रोल पंप पर गन प्वाइंट पर लूट, मैनेजर की कनपटी पर पिस्तौल तानकर लूटे 2 लाख; सेल्समैन को घसीटकर कमरे में किया बंद

जालंधर: जालंधर में बेखौफ बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना काला संघिया रोड स्थित गांव धालीवाल कादियां के पास बने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप की है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात दो हथियारबंद लुटेरों ने पिस्तौल की नोक पर पंप के मैनेजर और कर्मचारियों को बंधक बना लिया और ऑफिस की अलमारी में रखे करीब 2 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।

इस दुस्साहसिक वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है। फुटेज के मुताबिक, रात के समय दो सेल्समैन तेल मशीन के पास खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी खेतों के अंधेरे रास्ते से दो बदमाश पंप परिसर में दाखिल हुए। उनके हाथों में पिस्तौल थी। आते ही एक बदमाश ने दहशत फैलाने के लिए सेल्समैन का कॉलर पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए पंप के ऑफिस की तरफ ले गया। इस दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों को डराने के लिए उनके साथ मारपीट भी की।

पंप कर्मी हर्ष चोपड़ा ने बताया कि लुटेरों ने उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया और पैसों के बारे में पूछताछ की। विरोध करने पर मारपीट की गई और फिर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद एक बदमाश ऑफिस के अंदर गया और वहां अलमारी में रखी 2 लाख रुपये की नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वापस खेतों के रास्ते भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई गुरमीत राम ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है ताकि आरोपियों का हुलिया और भागने का रास्ता पता चल सके। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

A petrol pump in Jalandhar was robbed at gunpoint; the manager was held at gunpoint and robbed of Rs. 2 lakh