जालंधर: जालंधर के कैंट हलका क्षेत्र में देर रात अवैध माइनिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। यहां आम आदमी पार्टी की हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने गुप्त सूचना मिलने पर छापेमारी की। उनके मौके पर पहुंचते ही खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया और वे अपनी गाड़ियां व मशीनरी छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी मात्रा में मशीनरी जब्त कर ली है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए राजविंदर कौर थियाड़ा ने बताया कि उन्हें रात करीब 1 बजे उनकी पार्टी के एक वर्कर का फोन आया था। वर्कर ने जानकारी दी कि इलाके के खेतों में रात के अंधेरे में धड़ल्ले से अवैध माइनिंग चल रही है। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। वहां का नजारा देख वह हैरान रह गईं, क्योंकि जमीन को करीब 7 फुट तक खोद दिया गया था और मिट्टी को ट्रकों में भरा जा रहा था। जैसे ही अवैध खनन में शामिल लोगों को उनके आने की भनक लगी, वे ट्रकों और मशीनों को वहीं छोड़कर भाग निकले।
मौके पर मौजूद चौकी इंचार्ज जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक पोकलेन मशीन और 5 टिपर जब्त किए हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, AAP नेत्री राजविंदर कौर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि इलाके में अवैध माइनिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि पंजाब सरकार के सख्त आदेशों का पालन करते हुए गैर-कानूनी ढंग से माइनिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

AAP leader raids illegal mining in Jalandhar at midnight: 7 feet deep dug ground




