You are currently viewing उड़ता पंजाब की खौफनाक तस्वीर: खुलेआम चिट्टा लगाते महिला और युवक का वीडियो वायरल, पुलिस का रटा-रटाया जवाब- हमारे इलाके में नशा नहीं

उड़ता पंजाब की खौफनाक तस्वीर: खुलेआम चिट्टा लगाते महिला और युवक का वीडियो वायरल, पुलिस का रटा-रटाया जवाब- हमारे इलाके में नशा नहीं

लुधियाना: पंजाब सरकार और पुलिस द्वारा नशा विरोधी अभियानों के तमाम दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। औद्योगिक नगरी लुधियाना अब धीरे-धीरे ‘चिट्टे का गढ़’ बनती जा रही है। शहर के ताजपुर रोड इलाके से एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में नशे का भयावह रूप देखने को मिला है। वीडियो में एक महिला और एक युवक दिनदहाड़े, बेखौफ होकर अपनी नसों में ‘चिट्टा’ (हेरोइन) का इंजेक्शन लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाने वाले शख्स ने मौके से इस्तेमाल की गई कई सिरिंज और नशे की खाली पुड़ियां भी दिखाईं। वीडियो में दावा किया गया है कि नशे की तलब इतनी ज्यादा है कि नशेड़ी अपने निजी अंगों में भी इंजेक्शन लगाकर नशा कर रहे हैं।

वीडियो बनाने वाले स्थानीय युवक ने बताया कि ताजपुर रोड पर गंदे नाले के पास एक सुनसान जगह है, जो अब नशेड़ियों का परमानेंट अड्डा बन चुकी है। उसने दावा किया कि वह यहाँ अक्सर आता है और हर बार किसी न किसी को नशा करते हुए देखता है। युवक ने चिंता जताते हुए कहा कि लुधियाना अब महानगर नहीं, बल्कि नशे का केंद्र बनता जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यहाँ नशे की सप्लाई कहाँ से और कैसे हो रही है?

इस वीडियो के सामने आने के बाद जब ताजपुर क्षेत्र के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह से सवाल किया गया, तो उन्होंने जमीनी हकीकत मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, हमारे इलाके में कोई चिट्टा सेवन नहीं करता। हम रोज गश्त करते हैं और तस्करों को जेल भेजते हैं, लेकिन वे जमानत पर बाहर आ जाते हैं।

हालांकि, सब-इंस्पेक्टर का यह बयान वायरल वीडियो में दिख रहे दृश्यों से बिल्कुल उलट है। वीडियो में बिखरी सिरिंज और नशा करते लोग पुलिस की गश्त और दावों की पोल खोल रहे हैं।

A video of a young man and a woman openly smoking drugs goes viral, and the police’s standard response is: There’s no drug use in our area