जालंधर: पंजाब के जालंधर जिले के लोहियां थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां हथियारों के बल पर एक प्रवासी मजदूर परिवार की मां और उसकी 19 वर्षीय बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह दिल दहला देने वाली वारदात 23-24 जुलाई की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे गांव कंग कलां में हुई। खेत में बने मोटर वाले कमरे में रह रहे एक प्रवासी परिवार पर चार अज्ञात दरिंदों ने कहर बरपाया। आरोपियों ने कमरे में घुसते ही परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी और दामाद व तीन छोटे बच्चों को दूसरे कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद हथियार के बल पर उन्होंने विधवा मां और उसकी 19 वर्षीय बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़ितों के मुताबिक, तीन आरोपियों ने मां के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि एक आरोपी ने डरा-धमकाकर बेटी के साथ कई बार गलत काम किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ितों को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हैवानों ने घटना को अंजाम देने के बाद मौके पर विदेशी शराब का सेवन भी किया था। एसएसपी विर्क ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर महिला इंस्पेक्टर ने लोहियां थाने में आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Jalandhar: Three accused of gang rape of mother and daughter after holding them hostage in a field were arrested by the police




