You are currently viewing जालंधर में हैवानियत: 13 साल की लड़की का रेप के बाद मर्डर, पड़ोसी के बाथरूम से मिली लाश, बलात्कारी को लोगों ने पीट-पीट कर किया अधमरा, आग के हवाले करने का प्रयास, लापरवाह पुलिस और सरकार के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

जालंधर में हैवानियत: 13 साल की लड़की का रेप के बाद मर्डर, पड़ोसी के बाथरूम से मिली लाश, बलात्कारी को लोगों ने पीट-पीट कर किया अधमरा, आग के हवाले करने का प्रयास, लापरवाह पुलिस और सरकार के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा

जालंधर: जालंधर के थाना बस्ती बावा खेल के अंतर्गत आने वाले पारस एस्टेट में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग पड़ोसी ने 13 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया और कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध और पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज लोगों ने देर रात तक जमकर हंगामा किया।

घटनाक्रम के मुताबिक, पीड़ित बच्ची शाम करीब 4 बजे घर से टहलने के लिए निकली थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार ने पुलिस को सूचना दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति के घर में जाती हुई दिखाई दी, लेकिन उसके बाद वह बाहर नहीं निकली। इसी आधार पर शक गहराया और लोग आरोपी के घर पहुंचे, जहाँ काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव वॉशरूम में पड़ा मिला।

इस पूरे मामले में जालंधर वेस्ट पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस पर घोर लापरवाही और आरोपी के साथ मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद जब पुलिस को बुलाया गया, तो करीब चार पुलिसकर्मी आरोपी के घर जांच करने गए थे। उन्होंने बाहर आकर दावा किया कि अंदर कोई नहीं है। पुलिस की बातों पर विश्वास न करते हुए जब भीड़ ने खुद घर के अंदर जाकर तलाशी ली, तो बच्ची वहां मिल गई। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी अगर ईमानदारी से सघन जांच करते, तो शायद बच्ची की जान बच सकती थी और वह इस घिनौनी वारदात का शिकार होने से बच जाती। परिजनों ने झूठ बोलने वाले और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

आरोपी को आग लगाने पर उतारू हुई भीड़ मासूम का शव मिलने और पुलिस की कथित लापरवाही सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर पर पथराव शुरू कर दिया और उसे घर से बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कुछ लोग आरोपी को आग लगाने की कोशिश करने लगे। लोगों का कहना था कि पुलिस से इंसाफ की उम्मीद नहीं है, इसलिए ऐसे दरिंदे को मौके पर ही सजा मिलनी चाहिए।

मुश्किल से बचाकर ले गई पुलिस मौके पर बिगड़ते हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लिया। इस दौरान गुस्साए लोग पुलिस की गाड़ी पर चढ़ गए और गाड़ी को घेर लिया। लोगों ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इलाके में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

Rage Erupts in Jalandhar: Teen’s Rape and Murder Sparks Outcry Against Police and Government