
जालंधर: जालंधर के अति व्यस्त भार्गव कैंप इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने दहशत फैला दी। ‘विजय ज्वेलर’ नामक दुकान पर आए 3 लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर मालिक के बेटे को बंधक बनाया और महज़ 2 मिनट के भीतर लाखों की नकदी और गहने लूटकर फरार हो गए। लूट की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज अब सामने आई है।
दुकान के मालिक विजय ने बताया कि सुबह उनके बेटे ने ही दुकान खोली थी। तभी 3 लुटेरे दुकान में दाखिल हुए।
CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि लुटेरों ने दुकान में घुसते ही पिस्तौलें निकाल लीं और सीधे मालिक के बेटे पर तान दीं। जब घबराए हुए बेटे ने शोर मचाना शुरू किया, तो एक लुटेरे ने तेज़धार हथियार से दुकान के काउंटर का शीशा तोड़ दिया।
देखें VIDEO-
पीड़ित के अनुसार, लुटेरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और तिजोरी से सारी नकदी निकालने को कहा। बदमाशों ने तिजोरी से 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी और काउंटर में रखे सोने के गहने एक बैग में भर लिए। इस दौरान लुटेरों और मालिक के बेटे के बीच हाथापाई भी हुई।

महज 2 मिनट तक दुकान में आतंक मचाने के बाद लुटेरे हथियार लहराते हुए फरार हो गए। लुटेरों के जाने के बाद मालिक के बेटे ने बाहर निकलकर शोर मचाया, जिस पर आसपास के दुकानदार इकट्ठा हुए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और लुटेरों की पहचान करने में जुटी है।
वहीं, इस घटना को लेकर इलाके के लोगों और खासकर ज्वेलर भाईचारे में भारी रोष है। अन्य ज्वैलर्स ने आरोप लगाया कि इलाके में दुकानदार सुरक्षित नहीं हैं और यह लूट बाकायदा रेकी करके की गई है। एक अन्य दुकानदार ने बताया कि बदमाश कुल 5 थे, जिनमें से 3 दुकान के अंदर घुसे थे।
सुनियारा बाजार के व्यापारियों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे दुकानें बंद करके धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
View this post on Instagram


s 2 lakh taken out from the safe




