
लुधियाना: लुधियाना में एक साइंटिस्ट के पालतू कुत्ते को दिनदहाड़े कार सवार द्वारा चुरा ले जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने 1 लाख रुपये की कीमत वाले गोल्डन रिट्रीवर डॉग को खाने का लालच देकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला ऋषि नगर इलाके का है। सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट हार्वेस्टिंग इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPHET) के साइंटिस्ट संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि 6 अक्टूबर को उनका डॉग जीएसटी भवन के बाहर टहल रहा था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
जब डॉग नहीं मिला, तो उन्होंने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक होंडा डब्ल्यूआर-वी कार आती दिखी। कार में सवार व्यक्ति ने डॉग को खाने का लालच दिया और फिर उसे कार की पिछली सीट पर बैठाकर तेजी से गाड़ी भगा ले गया।

संजीव त्यागी ने बताया कि वीडियो में कार चलाने वाला व्यक्ति नीली शर्ट पहने दिखाई दे रहा है। आरोपी ने शातिराना अंदाज में कार का नंबर कैमरों में साफ नजर न आए, इसके लिए दिन के समय ही हेडलाइट जलाई हुई थी। उन्होंने शक जताया है कि जिस व्यक्ति ने कुत्ता उठाया है, वह कोई डॉग ब्रीडर हो सकता है। कार को आखिरी बार डीएमसी अस्पताल के नजदीक तक ट्रैक किया गया है।
साइंटिस्ट संजीव ने बताया कि यह डॉग उनके परिवार का हिस्सा बन गया था। 3 साल पहले उनके बेटे आदित्य त्यागी ने शादी से पहले रिंग सेरेमनी में अपनी पत्नी अल्पना त्यागी को यह डॉग गिफ्ट किया था। उनके बेटे और पुत्रवधू दोनों कंप्यूटर इंजीनियर हैं।
उन्होंने बताया, “इस डॉग को बेटे ने दिल्ली से 65 हजार रुपये में खरीदा था, तब यह महज 6 दिन का था। यह ऑस्ट्रेलियाई मूल का है और अभी इसकी कीमत 1 लाख के करीब है। हम इसे घर के बड़े बच्चे की तरह मानते थे। जब बहू को बेटा हुआ तो डॉग और बच्चे के बीच भी गहरा लगाव बन गया।” इस चोरी से पूरा परिवार बेहद मायूस है।
पुलिस थाना पीएयू के जांच अधिकारी कॉन्स्टेबल बबनदीप सिंह ने कहा कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि डॉग की गर्दन पर पट्टा नहीं था, इसलिए हो सकता है व्यक्ति ने यह मान लिया होगा कि उसे छोड़ दिया गया है (आवारा है)। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी को ट्रैक करने का प्रयास कर रही है।
View this post on Instagram


Scientist’s dog worth Rs 1 lakh stolen




