You are currently viewing जालंधर सेंट्रल में अवैध पार्किंग का ‘राज’, पुलिस मौन, माफिया ने सड़क बनाई जागीर, नितिन कोहली के दावे हवा-हवाई; जनता बेहाल

जालंधर सेंट्रल में अवैध पार्किंग का ‘राज’, पुलिस मौन, माफिया ने सड़क बनाई जागीर, नितिन कोहली के दावे हवा-हवाई; जनता बेहाल

जालंधर: जालंधर सेंट्रल हल्का इन दिनों अव्यवस्था और आम लोगों की परेशानियों का गढ़ बनता जा रहा है। इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिसका मुख्य कारण सड़कों पर बड़े पैमाने पर हो रही अवैध पार्किंग है।

ताजा मामला संजय गांधी मार्केट के पास कमल पैलेस होटल के सामने वाली सड़क का है। यहां कमल पैलेस होटल की गाड़ियां और इलाके के कार डीलर नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए अपनी गाड़ियां सड़क पर ही अवैध रूप से पार्क कर रहे हैं।

इलाके में दर्जनों कार डीलर और कार एसेसरीज के दुकानदार हैं, जिनकी सैकड़ों गाड़ियां दिन-रात सड़क पर ही खड़ी रहती हैं। इस अवैध कब्जे के कारण सड़क संकरी हो गई है और यहां हर समय भयंकर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों का निकलना दूभर हो गया है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि ट्रैफिक पुलिस इस पूरे मामले पर आंखें मूंदे बैठी है। व्यस्त सड़क पर हो रही इस खुली गुंडागर्दी पर न तो कोई कड़ा कदम उठाया जा रहा है और न ही ट्रैफिक सुधार के लिए कोई व्यवस्था की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रैफिक पुलिस और इस इलाके के होटल व दुकानदारों के बीच कोई ‘गुप्त सेटिंग’ है। लोगों का कहना है कि इसी मिलीभगत के चलते अवैध पार्किंग करने वालों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी है।

इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा आम आदमी पार्टी के सेंट्रल हल्के के इंचार्ज नितिन कोहली पर भी फूट रहा है। मास्टर तारा सिंह नगर व आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों का कहना है कि राजनीति में आने से पहले नितिन कोहली ने सेंट्रल हल्के की दशा और दिशा सुधारने के बड़े-बड़े दावे किए थे।

लोगों का आरोप है कि अब जब वे खुद सत्ताधारी पार्टी के प्रतिनिधि हैं, तब भी पूरा इलाका अवैध पार्किंग की समस्या से जूझ रहा है और सड़कों का भी बुरा हाल है। इससे साफ है कि कोहली भी अन्य नेताओं की तरह सिर्फ खोखले वायदे और दावे ही कर रहे हैं।

आम जनता ने पुलिस प्रशासन से इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच करने और गाड़ियों की अवैध पार्किंग पर सख्त रोक लगाने की मांग की है, ताकि जालंधर के नागरिकों को इस असुविधा से निजात मिल सके।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

illegal parking in Jalandhar Central