नई दिल्ली: आज के दौर में शायद ही कोई ऐसा स्मार्टफोन यूजर होगा जो व्हाट्सएप का इस्तेमाल न करता हो, लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस व्हाट्सएप कॉल पर आप बेफिक्र होकर बातें करते हैं, उसके जरिए आपकी लोकेशन भी ट्रैक की जा सकती है? यह जानकर आपको हैरानी जरूर होगी, लेकिन यह सच है। साइबर अपराधी या हैकर्स कॉल के दौरान आपके आईपी एड्रेस के जरिए आपकी लोकेशन का पता लगा सकते हैं। हालांकि, कंपनी ने यूजर्स की सुरक्षा के लिए ऐप में एक खास फीचर दिया है, जिसके बारे में ज्यादातर लोगों को जानकारी नहीं है और यह फीचर अक्सर फोन्स में बंद ही रहता है।
अपनी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए व्हाट्सएप ने ‘प्रोटेक्ट आईपी एड्रेस इन कॉल्स’ (Protect IP Address in Calls) नाम का एक सुरक्षा कवच दिया है। यह फीचर बाय-डिफॉल्ट बंद रहता है, जिसे हैकर्स और स्कैमर्स से बचने के लिए मैनुअली ऑन करना बेहद जरूरी है। इस फीचर को एक्टिवेट करने की प्रक्रिया काफी सरल है। इसके लिए सबसे पहले अपने व्हाट्सएप को ओपन करें और स्क्रीन पर ऊपर दाहिनी ओर दिख रहे तीन डॉट्स पर क्लिक करके ‘सेटिंग्स’ में जाएं। वहां आपको ‘प्राइवेसी’ का विकल्प मिलेगा, जिस पर क्लिक करना होगा।
प्राइवेसी सेक्शन में जाने के बाद सबसे नीचे स्क्रॉल करने पर आपको ‘एडवांस्ड’ (Advanced) का ऑप्शन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करते ही आपको ‘प्रोटेक्ट आईपी एड्रेस इन कॉल्स’ का विकल्प नजर आएगा, जो बंद होगा। आपको बस इसे यहां से ऑन कर देना है। जैसे ही आप इसे इनेबल करते हैं, आपकी कॉल्स व्हाट्सएप के सर्वर के जरिए रि-रूट होकर जाती हैं। इस तकनीकी बदलाव के कारण कॉल पर बात करते समय सामने वाले व्यक्ति या किसी भी हैकर के लिए आपका आईपी एड्रेस और लोकेशन ट्रैक करना नामुमकिन हो जाता है। सुरक्षा के लिहाज से हर यूजर को यह सेटिंग अपडेट कर लेनी चाहिए।

Your location can be tracked through WhatsApp calls; turn on this privacy setting immediately for your safety.








