लुधियाना: जालंधर बाईपास स्थित पासपोर्ट ऑफिस के सामने लुधियाना-जालंधर मुख्य मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 30 से 35 वर्षीय अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी और हादसे के बाद शव के ऊपर से लगातार गाड़ियां गुजरती रहीं, जिससे मृतक का चेहरा और पेट बुरी तरह कुचल गया और शव की पहचान करना तक मुश्किल हो गया।
ऑटो चालक ने सड़क पर बिखरा देखा शव
मामले को लेकर भारती कॉलोनी (बहादुरके रोड) निवासी मुकेश सहगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अगस्त को वह पासपोर्ट ऑफिस के सामने अपने ऑटो के पास मौजूद था। इसी दौरान उसकी नजर मुख्य सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े एक शव पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, मृतक के पहनावे और हुलिए से वह कोई दिहाड़ी मजदूर प्रतीत हो रहा था, जिसे किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया था।
पहचान के लिए घंटों मशक्कत, नहीं मिला कोई दस्तावेज
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, लेकिन शव की हालत बेहद खराब होने के कारण कोई भी उसे पहचान नहीं सका। मृतक की तलाशी लेने पर भी उसके पास से ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान उजागर हो सके।
अज्ञात चालक के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज
थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम व पहचान के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। इसके साथ ही हाईवे और आसपास की इमारतों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन और चालक का सुराग लगाया जा सके।


Young man run over by an unidentified vehicle in front of the passport office




