
ओटावा: भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धमक दिखाई है। कनाडा में रविवार देर रात तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली है। गैंग के सदस्य फतेह पुर्तगाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और फायरिंग का वीडियो साझा करते हुए दावा किया है कि यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ है जो “2 नंबर के धंधे” में लिप्त हैं।
बिश्नोई गैंग की ओर से पुर्तगाल में रह रहे फतेह पुर्तगाल नामक शख्स ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली। उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें एक शूटर अत्याधुनिक हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है और इसने कनाडाई सुरक्षा एजेंसियों के बीच हड़कंप मचा दिया है।
अपने पोस्ट में गैंग ने स्पष्ट किया कि वे मेहनत करके खाने वालों को परेशान नहीं करते, बल्कि उनकी कार्रवाई अवैध कारोबारियों और गैंग का नाम लेकर वसूली करने वालों के खिलाफ है।

गैंग ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में उन तीन ठिकानों का भी खुलासा किया, जिन्हें निशाना बनाया गया था। इनमें थेशी एंटरप्राइज (1254, 110 Ave), मकान नंबर 2817 (144 St) और 76 एवेन्यू पर स्थित यूनिट नंबर 104 (13049) शामिल हैं।
दावा किया गया है कि ये सभी संपत्तियां ‘नवी तेसी’ नामक व्यक्ति की हैं, जो कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कलाकारों से अवैध वसूली कर रहा था। पोस्ट में चेतावनी दी गई, “हम मेहनत करने वालों से दुश्मनी नहीं रखते, लेकिन जो लोग हमारे लोगों को परेशान करते हैं या गलत तरीके से पैसा वसूलते हैं, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करते हैं।”
कनाडा की पुलिस ने तीनों घटनास्थलों को सील कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, पुलिस इस घटना को संगठित अपराध से जुड़ी एक बड़ी और गंभीर साजिश के रूप में देख रही है।
यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कुछ ही दिन पहले कनाडा सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को एक आतंकी संगठन घोषित किया था। इस घोषणा के बाद से ही गैंग सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की लगातार कोशिश कर रहा है।
View this post on Instagram


Why has Canada become the new target








