लुधियाना: लुधियाना जिले में जगराओं के अंतर्गत आते गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के मुख्य द्वार पर सोमवार देर रात एक अज्ञात नकाबपोश युवक द्वारा फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने गुरुद्वारे के गेट पर दो राउंड गोलियां दागीं और वहां एक धमकी भरी चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गया। इस पूरी वारदात की तस्वीरें गुरुद्वारा साहिब के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात, पहले फेंकी चिट्ठी फिर दागीं गोलियां
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सोमवार देर रात मुंह पर कपड़ा बांधे एक संदिग्ध युवक पैदल ही गुरुद्वारा साहिब के मुख्य द्वार पर पहुंचा। उसने सबसे पहले जेब से एक चिट्ठी निकालकर गेट के अंदर फेंक दी। इसके बाद उसने इधर-उधर देखा और कमर से पिस्तौल निकालकर गेट की तरफ तान दी। हथियार में कुछ तकनीकी खराबी आने पर उसने रुककर उसे चेक किया, इसी दौरान हड़बड़ाहट में गन उसके हाथ से नीचे भी गिर गई। युवक ने दोबारा हथियार उठाया, उसे ठीक किया और गेट पर ताबड़तोड़ दो राउंड गोलियां चलाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए वहां से भाग निकला।
चिट्ठी में गुरुद्वारा मुखी और अकाली नेता को दी जान से मारने की खुली धमकी
वारदात के बाद बरामद की गई चिट्ठी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। इस पत्र में गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार बाबा अमरजीत सिंह और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के स्थानीय नेता गुरिंदर सिंह रूमी को सीधे तौर पर निशाना बनाते हुए जान से मारने की खुली धमकी दी गई है। धार्मिक स्थल के बाहर इस तरह खुलेआम गोलीबारी और प्रतिष्ठित लोगों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी रोष और तनाव देखा जा रहा है।
लुधियाना देहात पुलिस ने संभाला मोर्चा, रूट खंगालने में जुटी कई टीमें
सूचना मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव गगड़ा पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने मौके से खाली खोल और आरोपी द्वारा फेंकी गई धमकी भरी चिट्ठी को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव और लिंक सड़कों पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर के आने और भागने के रूट की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


A masked miscreant opened rapid-fire at the gate of the Gurdwara Sahib and fled after throwing a threatening letter




