मानसा: पंजाब के मानसा जिले में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने शादी की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। सरदूलगढ़ के पास मानसा-सिरसा रोड पर एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
चंडीगढ़ से लौट रहे थे सिरसा के रहने वाले पीड़ित
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग हरियाणा के सिरसा जिले के रहने वाले थे। वे चंडीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। हंसी-खुशी वापस आ रहे परिवार को क्या पता था कि सरदूलगढ़ के पास काल उनका इंतजार कर रहा है। जैसे ही उनकी कार सरदूलेवाला गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो महिलाओं और दो पुरुषों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार चला रहा ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, घायल की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही सरदूलगढ़ थाना पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। एसएचओ गणेश वार ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल ड्राइवर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से ही उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Wedding celebrations turned into tragedy: Four people, including two women




