जालंधर: प्यार के लिए सरहद पार करने की कहानियों में अब एक और नाम जुड़ गया है। पंजाब से पाकिस्तान गई सरबजीत कौर की रिहाई के बाद उनका एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने फैसले पर बेहद खुश और मुतमईन नजर आ रही हैं। पाकिस्तानी मीडिया से बातचीत करते हुए सरबजीत ने अपनी लव स्टोरी को लेकर जो बातें कहीं, वे अब चर्चा का विषय बन गई हैं। वीडियो में उनके साथ उनके पाकिस्तानी पति नासिर हुसैन भी मौजूद थे, जिनके लिए उन्होंने देश छोड़ने का बड़ा फैसला लिया।
8 साल पुराना है रिश्ता, सच्चा प्यार खींच लाया
पाकिस्तानी मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सरबजीत ने बताया कि नासिर के साथ उनका रिश्ता कोई नया नहीं है, बल्कि वे पिछले 8 सालों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जब प्यार सच्चा होता है, तो दिल में यह उम्मीद और विश्वास हमेशा बना रहता है कि हम एक-दूसरे से जरूर मिलेंगे। अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए सरबजीत काफी भावुक हो गईं और उन्होंने अपनी दीवानगी का इजहार एक अनोखे अंदाज में किया। उन्होंने कहा कि अगर इंतजार करते-करते उनके मुंह में दांत भी न रहते, तब भी वह अपने प्यार को पाने के लिए पाकिस्तान जरूर आतीं।
पाकिस्तान में ही बिताएंगी बाकी जिंदगी
सरबजीत ने साफ कर दिया है कि वह अपने फैसले पर अडिग हैं। रिहाई के बाद उनकी खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि अब वह भारत वापस नहीं जाएंगी बल्कि अपनी बाकी की जिंदगी पाकिस्तान में ही नासिर के साथ बिताएंगी। उनका कहना है कि वह यहां अपने पति के साथ बहुत खुश और संतुष्ट हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद दोनों की प्रेम कहानी सीमा के दोनों ओर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Video of Punjab’s Sarabjit goes viral, narrating his 8-year-old story of crossing the border for love








