You are currently viewing जालंधर में कर्जदार ने पार की हदें, पैसे नहीं चुका पाया तो उधार देने वाले की कार में ही लगा दी आग; आरोपी काबू

जालंधर में कर्जदार ने पार की हदें, पैसे नहीं चुका पाया तो उधार देने वाले की कार में ही लगा दी आग; आरोपी काबू

जालंधर: जालंधर के रामा मंडी स्थित एकता नगर में आज सुबह रंजिश के चलते आगजनी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ लेन-देन के विवाद में एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोहल्ले में खड़ी एक कार पर पेट्रोल छिड़कर उसे आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें देख जब तक आसपास के लोग और कार मालिक मौके पर पहुंचे, गाड़ी बुरी तरह जल चुकी थी। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके साथी फरार बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, एकता नगर में सागर मीट शॉप के पास एक खाली प्लॉट में खड़ी यह कार ठेकेदार किशन लाल नाहर की थी। घटना आज सुबह करीब 3 बजे की है। किशन लाल के दामाद ने घर के बाहर आग की लपटें उठती देखीं और शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हुए और किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पीड़ित किशन लाल ने आरोप लगाया है कि यह करतूत मोहल्ले के ही दीपक भट्टी उर्फ दीपू, उसके साले लव सोहता और बेटे बब्बू की है।

इस वारदात की मुख्य वजह पैसों का पुराना लेन-देन बताया जा रहा है। किशन लाल के अनुसार, आरोपी दीपक भट्टी ने करीब डेढ़ साल पहले उनसे 2 लाख रुपए बिना ब्याज के उधार लिए थे और बदले में अपना घर गिरवी रखा था। घर का कब्जा अभी भी किशन लाल के पास है। दीपक ने पहले पैसे लौटाने का वादा फरवरी 2025 तक किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर फरवरी 2026 कर दिया गया, लेकिन उसने अब तक फूटी कौड़ी नहीं लौटाई। इसी विवाद के चलते दो महीने पहले भी दीपक ने उनके प्लॉट में खड़े ट्रैक्टर को आग लगा दी थी। पीड़ित का यह भी कहना है कि जब भी पैसे मांगो, तो आरोपी की मां और पत्नी आत्महत्या करने की धमकियां देती हैं।

किशन लाल ने बताया कि उन्होंने धमकियों से परेशान होकर दो दिन पहले ही सूर्य एन्क्लेव थाना पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन तब आरोपी पेश नहीं हुए। आज सुबह कार जलाने की वारदात के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मुख्य आरोपी दीपक भट्टी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चल रहे आरोपी के बेटे और साले की तलाश जारी है।

Unable to repay loan, car set on fire by pouring petrol on it, accused arrested