You are currently viewing पंजाब में सामान लेने निकलीं दो नाबालिग सहेलियां अचानक लापता, परिजनों को किडनैपिंग का शक; पुलिस खंगाल रही CCTV

पंजाब में सामान लेने निकलीं दो नाबालिग सहेलियां अचानक लापता, परिजनों को किडनैपिंग का शक; पुलिस खंगाल रही CCTV

लुधियाना: लुधियाना के जमालपुर इलाके से दो नाबालिग लड़कियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। दोनों किशोरियां घर से जन्मदिन की पार्टी का सामान खरीदने के लिए बाजार निकली थीं, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें बंधक बनाने और अपहरण करने की आशंका जताई है। घटना के बाद से ही दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ताजपुर रोड बाजार से गायब हुईं दोनों किशोरियां

पुलिस को दी गई शिकायत में जमालपुर निवासी ज्योति देवी ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी आशिका कुमारी बीते 26 मई 2026 को अपनी सहेली खुशी कुमारी (16) के साथ घर से पास ही स्थित ताजपुर रोड पर जन्मदिन का कुछ सामान लेने के लिए निकली थी। जब कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों लड़कियां घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। परिवार ने तुरंत अपने स्तर पर रिश्तेदारों, सहेलियों और आसपास के सभी संभावित इलाकों में दोनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद थक-हारकर परिजनों ने स्थानीय पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी।

अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस कर रही है छापेमारी

परिजनों के गंभीर आरोपों और शिकायत के आधार पर थाना जमालपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़कियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटना के दिन के रूट और ताजपुर रोड बाजार के आसपास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लड़कियां आखिरी बार किसके साथ या किस तरफ जाती दिखी थीं। संदिग्घ ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों लड़कियों को सकुशल ढूंढ लिया जाएगा।

two-minor-friends-who-went-out-shopping-in-punjab-suddenly-go-missing-family-suspects-kidnapping