जालंधर: जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। गांव बल्लां के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सड़क पार कर रहे एक प्रवासी युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक गाड़ी रोकने के बजाय मानवता को शर्मसार करते हुए मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद हाईवे पर तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
काम से लौट रहा था दिनेश
पुलिस जांच में मृतक की पहचान बिहार निवासी दिनेश कुमार (पुत्र लालू) के रूप में हुई है। वह रोजी-रोटी कमाने के लिए जालंधर आया था और वर्तमान में किशनगढ़ स्थित एक पेइंग गेस्ट (PG) में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब दिनेश अपना काम खत्म करके वापस अपने पीजी की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह गांव बल्लां के पास हाईवे पार करने लगा, पठानकोट की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिनेश संभल नहीं पाया और उसने सड़क पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत हरकत में आई। एएसआई रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कर मृतक के परिजनों को सूचित किया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में रिश्तेदार व जानकार हाईवे पर इकट्ठा हो गए। नाराज लोगों ने पुलिस की कार्रवाई और अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ हाईवे
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत थाना मकसूदां के एसएचओ गुरप्रीत सिंह को सूचित किया गया। मामला संवेदनशील होने के कारण कुछ ही देर में मकसूदां और करतारपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि फरार कार चालक को जल्द ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के समझाने और सख्त कार्रवाई के भरोसे के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया, जिसके बाद हाईवे पर ट्रैफिक सुचारू हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Tragic accident on Jalandhar-Pathankot highway: Young man crossing the road crushed by unknown car




